70वीं बीपीएससी परीक्षा में किशनगंज की दो बेटियों का परचम
किशनगंज, 21 जून (हि.स.)। 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग ( बी पी एस सी) परीक्षा के परिणाम में किशनगंज की दो बेटियों ने शानदार सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है।
रूईधासा निवासी व्यवसायी सुरेंद्र चौरसिया की पुत्रवधू अंजली कुमारी का चयन अनुमंडल पदाधिकारी पद पर हुआ है, जबकि खगड़ा स्थित हलीम चौक निवासी शिप्रा दास ने आपूर्ति निरीक्षक पद पर सफलता प्राप्त की है।
दोनों की उपलब्धि से जिले में खुशी और गर्व का माहौल है। अंजली कुमारी ने अपने प्रथम प्रयास में ही BPSC परीक्षा में 223वां रैंक हासिल कर यह सफलता अर्जित की है। वह पूर्व में जवाहर नवोदय विद्यालय में अंग्रेजी शिक्षिका के रूप में कार्यरत थीं।
अंजली के पति मंथन चौरसिया भी बीपीएससी से चयनित प्रशाखा पदाधिकारी हैं। मुंगेर के जमालपुर से प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त करने वाली अंजली ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार, गुरुजनों और निरंतर परिश्रम को दिया है। उनकी बहन रेशमी कुमारी भी बीपीएससी से चयनित शिक्षिका हैं। अंजली के एसडीएम बनने की खबर मिलते ही रूईधासा स्थित उनके आवास पर बधाई देने वालों का तांता लग गया।
परिजनों, मित्रों एवं शुभचिंतकों ने मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं खगड़ा, हलीम चौक निवासी शिप्रा दास ने भी अपनी मेहनत और लगन के बल पर बीपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल करते हुए आपूर्ति निरीक्षक पद प्राप्त किया है।
शिप्रा स्वर्गीय निखिल दास की पुत्री तथा वरिष्ठ अधिवक्ता शिशिर कुमार दास की भतीजी हैं। उनकी सफलता की खबर मिलते ही परिजनों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोग उनके घर पहुंचकर बधाई दे रहे हैं। जिले के बुद्धिजीवियों और सामाजिक संगठनों ने दोनों प्रतिभाशाली बेटियों की उपलब्धि की सराहना करते हुए इसे सीमांचल की युवतियों के लिए प्रेरणादायक बताया है।
वरिष्ठ अधिवक्ता शिशिर कुमार दास ने कहा कि अंजली और शिप्रा ने न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे किशनगंज जिले का गौरव बढ़ाया है। उनकी सफलता आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

