कटिहार: पुलिस व एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में दो अपराधी गिरफ्तार, हथियार बरामद
कटिहार, 09 अक्टूबर (हि.स.)। कटिहार जिला पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार के साथ दो अपराधियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए अभियुक्त किसी बड़ी लूट अथवा आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। पुलिस ने तलाशी के दौरान इनके पास से एक देसी कट्टा और एक मोबाइल फोन जब्त किया है।
बरारी थानाध्यक्ष एवं एसटीएफ की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि मालाकार चौक के पास स्थित मखाना फोड़ी के समीप दो हथियारबंद व्यक्ति किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने पहुंचे हैं। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस बल व एसटीएफ ने संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस टीम को देखते ही दोनों संदिग्ध भागने लगे, जिन्हें जवानों ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर ही खदेड़कर पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर उनके पास से एक देसी कट्टा और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान कोढ़ा थाना क्षेत्र के दीघरी (वार्ड संख्या-03) निवासी सोनू यादव (26 वर्ष, पिता- गणेश यादव) तथा अंकित कुमार यादव (20 वर्ष, पिता- ललन यादव) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में कांड दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

