home page

पोखर में नहाने के दौरान दो मासूमों की डूबने से मौत, गांव में पसरा मातम

 | 
पोखर में नहाने के दौरान दो मासूमों की डूबने से मौत, गांव में पसरा मातम


पश्चिम चम्पारण(बगहा),10जुलाई(हि.स. )। बगहा पुलिस जिला अंतर्गत बगहा थाना क्षेत्र के पाकड़ गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में पोखर में नहाने के दौरान दो मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान पाकड़ गांव निवासी सुनील राम के 12 वर्षीय पुत्र तथा राकेश राम के 11 वर्षीय पुत्र के रूप में हुई है। बताया जाता है कि दोनों बच्चे गांव के पोखर में नहाने गए थे। इसी दौरान गहरे पानी में चले जाने से वे डूब गए।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने दोनों बच्चों को पोखर से बाहर निकालकर आनन-फानन में अनुमंडलीय अस्पताल, बगहा पहुंचाया। वहां चिकित्सक डॉ. ए. एस. अग्रवाल ने जांच के बाद दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। अस्पताल परिसर में भी लोगों की भारी भीड़ जुट गई। पूरे गांव में मातम का माहौल है और हर कोई इस हृदयविदारक घटना से स्तब्ध है।

पुलिस ने घटना की जानकारी मिलने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं स्थानीय लोगों ने बच्चों के परिजनों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग प्रशासन से की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द नाथ तिवारी