कलश यात्रा के दौरान करंट लगने से दो बच्चों की मौत
पश्चिम चंपारण (बगहा), 11 अक्टूबर (हि.स.)। बगहा पुलिस जिले के रामनगर थाना क्षेत्र के खटौरी गांव में रविवार को कलश यात्रा के दौरान करंट लगने से दो बच्चों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब जलभरी कर लौट रही कलश यात्रा में बच्चों के हाथ में रखा झंडा ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार के संपर्क में आ गया। इससे ट्रैक्टर-ट्रॉली में करंट प्रवाहित हो गया।
जानकारी के अनुसार, दोनों मृत बच्चे भैरोगंज थाना क्षेत्र के ससराव गांव के निवासी थे। मां दुर्गा की आराधना के लिए निकली कलश यात्रा में शामिल लोग जलभरी के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हुआ, जिसमें दोनों बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना के बाद आनन-फानन में बच्चों को रामनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में चीख-पुकार मच गई।
हिन्दुस्थान समाचार/अरविंद नाथ तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द नाथ तिवारी

