home page

रेलवे कॉलोनी के पास स्मैक बेचते दो युवक गिरफ्तार, नशीला पदार्थ बरामद

 | 
रेलवे कॉलोनी के पास स्मैक बेचते दो युवक गिरफ्तार, नशीला पदार्थ बरामद


सीवान, 03 सितंबर (हि.स.)। नगर थाना क्षेत्र के आंदर ढाला रेलवे कॉलोनी के पास पुलिस ने छापेमारी कर स्मैक की बिक्री कर रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार युवकों के पास से 18 पुड़िया में रखा कुल नौ ग्राम स्मैक, दो मोबाइल फोन और 1,240 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर को नगर थाना को गुप्त सूचना मिली थी कि आंदर ढाला रेलवे कॉलोनी के समीप दो व्यक्ति अपने-अपने पॉकेट में अवैध रूप से स्मैक छिपाकर उसकी बिक्री कर रहे हैं। सूचना मिलते ही नगर थानाध्यक्ष पु.नि. अविनाश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।

पुलिस वाहन को देखते ही दोनों युवक भागने का प्रयास करने लगे। हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिस बल ने दोनों को खदेड़कर पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने अपना नाम समीर हैदर, पिता हैदर अली, निवासी नई किला तथा संस्कार कुमार, पिता स्व. ठाकुर सिंहेश्वर कुमार, निवासी शास्त्रीनगर, नगर थाना क्षेत्र, सीवान बताया।

तलाशी के दौरान दोनों के पास से सफेद कागज में लिपटी 18 पुड़िया बरामद हुईं। जांच में इन पुड़ियों में कुल नौ ग्राम स्मैक पाया गया। इसके अलावा पुलिस ने दोनों के पास से दो मोबाइल फोन और 1,240 रुपये नकद भी जब्त किए। नगर थाना पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पुलिस मामले में स्मैक की खरीद-बिक्री के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। कार्रवाई में नगर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार के साथ थाना के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma