home page

विदेश में नौकरी के नाम पर हजारों युवाओं से ठगी का आरोप, पटना से दो गिरफ्तार

 | 
विदेश में नौकरी के नाम पर हजारों युवाओं से ठगी का आरोप, पटना से दो गिरफ्तार


किशनगंज, 17 अक्टूबर (हि.स.)। विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर सीमांचल के हजारों बेरोजगार युवाओं से मोटी रकम की ठगी करने और कथित तौर पर अवैध रास्तों से विदेश भेजने के मामले में किशनगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने एसटीएफ के सहयोग से 16 अक्टूबर को पटना से दो प्राथमिकी अभियुक्तों हाजी नाहिद गनी और मो. तवरेज को गिरफ्तार किया है। दोनों पर विदेश में रोजगार दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी, अवैध तरीके से विदेश भेजने तथा युवाओं से कथित रूप से जबरन दूसरा काम कराने के आरोप हैं।

शनिवार को एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज ने प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि आरोपितों ने हाजी नाहिद गनि प्राइवेट लिमिटेड और तैबा इंटरनेशनल टूर ट्रेवल्स के माध्यम से युवाओं को दुबई, सऊदी अरब, थाईलैंड और मलेशिया में रोजगार दिलाने का भरोसा देकर रकम वसूली। आरोप है कि कुछ युवाओं को निर्धारित काम के बजाय विदेश में दूसरा काम करने के लिए मजबूर किया गया।

पुलिस कथित बंधुआ मजदूरी और मानव तस्करी के पहलुओं की भी जांच कर रही है। विशनपुर थाना कांड संख्या 47/26 में शिकायतकर्ता मो. सुलेमान ने आरोप लगाया कि उनके पुत्र नूरजफर को एक लाख 80 हजार रुपये लेकर 9 सितंबर को पटना से दिल्ली और फिर थाईलैंड भेजा गया। इसके बाद 18 सितंबर को कथित तौर पर डंकी रूट से मलेशिया पहुंचाया गया। वहां उसे अन्य युवाओं के साथ एक कमरे में बंद कर काम पर लगाए जाने का आरोप है। मलेशियाई इमिग्रेशन पुलिस की छापेमारी के दौरान वह जंगल में छिपकर बच निकला और बाद में भारत लौट आया। पुलिस के अनुसार, विशेष टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर गिरफ्तारी की। दोनों आरोपितों से पूछताछ जारी है। पुलिस उनके अन्य कारोबार, संभावित सहयोगियों और अपराध से अर्जित संपत्ति का पता लगा रही है। संपत्ति की पहचान होने पर विधिसम्मत जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।

गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह