home page

खनन निरीक्षक से मारपीट और ट्रैक्टर छुड़ा ले जाने के मामले में दो गिरफ्तार

 | 

सारण, 09 मार्च (हि.स.)। नगर थाना क्षेत्र में अवैध बालू खनन के खिलाफ कार्रवाई करने गए खनन निरीक्षक के साथ मारपीट करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में पुलिस को सफलता मिली है।

पुलिस ने इस कांड में संलिप्त दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना बीते 8 मार्च 2026 को नगर थाना क्षेत्र में खनन निरीक्षक प्रदीप कुमार बिना वैध चालान के पीला बालू ले जा रहे एक ट्रैक्टर को रोककर कार्रवाई कर रहे थे।

इसी दौरान अन्य ट्रैक्टर चालकों और लाइनरों ने एकजुट होकर खनन निरीक्षक और उनके चालक पर हमला कर दिया। उपद्रवियों ने न केवल उनके साथ मारपीट की, बल्कि सरकारी वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया और अपने साथी को छुड़ाकर फरार हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के निर्देशन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर 1 के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने त्वरित छापेमारी करते हुए इस मामले में दो अप्राथमिकी अभियुक्तों को पकड़ा लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान नागेन्द्र राय पिता स्व जनार्धन राय, और बृज किशोर राय, पिता स्व जगदेव राय थाना मुफ्फसिल के रूप में हुई है।

इस मामले में नगर थाना में कांड दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम अन्य फरार अभियुक्तों की पहचान के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन में संलिप्त माफियाओं और कानून-व्यवस्था हाथ में लेने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार