जाली नोट के साथ दो युवक गिरफ्तार, जांच में जुटी पुलिस
पूर्वी चंपारण,14 मार्च (हि.स.)। जिले के कोटवा थाना क्षेत्र में पुलिस ने जाली नोट के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों को कोटवा ओवरब्रिज के पास छापेमारी कर पकड़ा गया।पुलिस ने उनके पास से 100 रुपये के छह जाली नोट बरामद किए हैं। जानकारी के अनुसार शुक्रवार को कोटवा पुलिस ने ओवरब्रिज के पास टी-मैक्स के जरिए छापेमारी कर एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया। वहीं दूसरे युवक को पिपराकोठी के बंगरी इलाके से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार युवकों की पहचान डुमरियाघाट थाना क्षेत्र के धनगढ़हां निवासी ओमप्रकाश पांडेय के पुत्र अभिनव कुमार और कोटवा थाना क्षेत्र के कोटवा गांव निवासी रूपनारायण तिवारी के पुत्र धीरज कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर दोनों के पास से 100-100 रुपये के कुल छह जाली नोट बरामद किए गए। इसके आधार पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पूछताछ के दौरान आरोपितों ने बताया कि कोटवा गांव निवासी सोनल कुमार नामक व्यक्ति मोतिहारी से नकली नोट छपवाकर लाता है। इसके बाद एक हजार रुपये असली देने पर तीन हजार रुपये के नकली नोट बाजार में चलाने के लिए दिए जाते हैं।पुलिस इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि जाली नोट कहां छापे जा रहे हैं तथा इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
थानाध्यक्ष करण सिंह ने बताया कि दोनों आरोपितों से गहन पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि जाली नोट छापना, खरीदना, बेचना या अपने पास रखना गंभीर अपराध है और मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में भी जुटी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार

