त्रिवेणीगंज में सोलर सेवा सेतु कैंप आयोजित, लाभुकों को मिला प्रशस्ति पत्र व चेक
सुपौल, 06 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रचार-प्रसार एवं आम उपभोक्ताओं को योजना का लाभ दिलाने के उद्देश्य से मंगलवार को त्रिवेणीगंज में सोलर सेवा सेतु कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुपौल के सांसद दिलेश्वर कामत रहे। कैंप में अनुमंडल पदाधिकारी, त्रिवेणीगंज, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, त्रिवेणीगंज, विद्युत कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, सुपौल, प्रखंड प्रमुख, त्रिवेणीगंज, बीस सूत्री अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, बैंक प्रतिनिधि, वेंडर सहित बड़ी संख्या में उपभोक्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान अपने घरों पर रूफटॉप सोलर स्थापित कर चुके लाभुकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं योजना के तहत ऋण वितरण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बैंक कर्मियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। पात्र लाभुकों के बीच चेक का वितरण भी किया गया।
कैंप में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत मिलने वाली सब्सिडी की जानकारी उपभोक्ताओं को दी गई।
बताया गया कि पात्र उपभोक्ताओं को केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से आकर्षक सब्सिडी उपलब्ध कराई जा रही है। एक किलोवाट के रूफटॉप सोलर पर 30 हजार रुपये केंद्रीय और 10 हजार रुपये राज्य सब्सिडी, दो किलोवाट पर 60 हजार रुपये केंद्रीय और 20 हजार रुपये राज्य सब्सिडी तथा तीन किलोवाट पर 78 हजार रुपये केंद्रीय और 20 हजार रुपये राज्य सब्सिडी का प्रावधान है।
अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाकर अपने घरों पर रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित करें। इससे बिजली बिल में बचत के साथ स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा। कैंप के माध्यम से उपभोक्ताओं को योजना से जुड़ी सुविधाओं और उपलब्ध आर्थिक सहायता के बारे में भी जागरूक किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

