सारण में हर घर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगा साइकिल रैली का किया गया आयोजन
सारण, 10 अगस्त (हि.स.)। हर घर तिरंगा अभियान के तहत आज सारण जिले में देशभक्ति का अनूठा उत्साह देखने को मिला। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव के आदेशानुसार समाहरणालय परिसर से एक विशाल तिरंगा साइकिल रैली निकाली गई, जिसे खुद जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली समाहरणालय परिसर से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्ग थाना चौक होते हुए खेल भवन परिसर पहुंचकर संपन्न हुई।
रैली की अगुवाई स्केटिंग कर रहे बच्चों ने की, जिनके पीछे हाथों में तिरंगा थामे साइकिल सवार छात्र-छात्राएं देशभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़ते रहे। रैली के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से पूरा शहर गूंज उठा। इस आयोजन में एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवकों, सरकारी व निजी स्कूलों के विद्यार्थियों और स्थानीय खेल संघों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह हर नागरिक के दिल में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना को और मजबूत करने का सशक्त माध्यम है। तिरंगा हमारी राष्ट्रीय एकता, अखंडता और स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों के त्याग का प्रतीक है।
उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे अपने-अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराएं और इस अभियान को एक जन-आंदोलन बनाएं। जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले में 09 अगस्त से 17 अगस्त तक विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसके साथ ही उन्होंने सभी अधिकारियों और आम नागरिकों को फ्लैग कोड ऑफ इंडिया का शत-प्रतिशत पालन करने का कड़ा निर्देश दिया ताकि राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा सदैव बनी रहे।
इस दौरान उपविकास आयुक्त लक्ष्मण तिवारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राम पुकार सिंह, डीएसपी अभिषेक कुमार, डीसीपी ट्रैफिक, जिला कला,संस्कृति एवं खेल पदाधिकारी डॉ विभा भारती, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ नीना झा सहित जिले के सभी प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

