समाजवादी नेता रामवृक्ष कुंवर की श्रद्धांजलि सभा आयोजित
भागलपुर, 12 नवंबर (हि.स.)। जिले के बिहपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी और वरिष्ठ समाजवादी नेता स्वर्गीय रामवृक्ष कुमर की स्मृति में गुरुवार को उनके पैतृक गाँव सोनवर्षा (बिहपुर) में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
इस सभा में जेपी आंदोलन से जुड़े सैकड़ों नेताओं, कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने उनके तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व कुलपति प्रो. डॉ. ए. के. राय ने कहा कि सोनवर्षा में जन्मे रामवृक्ष कुमर किशोरावस्था से ही सामाजिक न्याय के प्रति समर्पित थे। उन्होंने 1974 के छात्र आंदोलन में उनके नेतृत्व में किए गए संघर्षों को याद करते हुए कहा कि वे कड़क आवाज और बेदाग छवि के नेता थे, जो झूठ और तिकड़म की राजनीति से दूर रहते थे।
डॉ. राय ने कहा कि 1974 के विधानसभा चुनाव में वे बहुत कम मतों से हारे थे। यदि उस समय गाँव के लोगों का थोड़ा और सहयोग मिल जाता, तो वे निश्चित रूप से बिहपुर के विधायक होते। कार्यक्रम का संचालन करते हुए गांधी विचार विभाग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. विजय कुमार ने कहा कि रामवृक्ष कुमर ने जीवन पर्यंत अपने सिद्धांतों और विचारों से कभी समझौता नहीं किया। उन्हें चुनाव हारने का कभी मलाल नहीं रहा और वे हमेशा डंके की चोट पर अपनी बात रखते थे।
वहीं, समाजवादी नेता डॉ. गौतम कुमार प्रीतम ने कहा कि वे बेहद निडर और बुलंद आवाज के नेता थे, जिन्होंने कभी जी-हुजूरी की राजनीति नहीं की। सभा के अंतिम चरण में पूर्व सांसद डॉ. रेणु सिंह कुशवाहा और समाजवादी नेता विजय सिंह ने भी पहुँचकर दिवंगत नेता को अपनी श्रद्धांजलि दी। स्व. रामवृक्ष कुमर अपने पीछे दो पुत्र रवेश कुमार व नीलेश कुमार उर्फ जितेंद्र, दो पुत्री नीशा कुमारी व शीखा कुमारी तथा दो भाई रामविलास कुमर व विनय कुमर सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। श्रद्धांजलि सभा में सम्पूर्ण क्रांति मंच के बिहार प्रभारी जयप्रकाश झा, शंकर रजक, अशोक यादव, श्यामल कुमार, अजय चौधरी, प्रो. गौतम कुमार, नर-नारी समता संस्थान के सरोज चौधरी, नरेश साह, संजय सिन्हा, राजकिशोर चौधरी सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे। कार्यक्रम को सफल बनाने में समाजसेवी उत्तम कुमार, पोता नचिकेता, सामव्रत, प्रियव्रत, देवव्रत, मुरारी उर्फ छोटू, प्रतीक, गोलू और शुभम् सिंह का सराहनीय योगदान रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

