जनजातीय समुदाय के मुद्दों पर सम्मेलन, स्वास्थ्य व आजीविका समेत कई विषयों पर हुई चर्चा
सुपौल, 16 सितंबर (हि.स.)। जिला नियोजन कार्यालय, सुपौल के सभाकक्ष में बुधवार को जनजातीय प्रश्न पर सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन का शुभारंभ अपर समाहर्ता सच्चिदानंद सुमन एवं जिला कल्याण पदाधिकारी राम कृपाल प्रसाद ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
सम्मेलन में त्रिवेणीगंज, छातापुर, किशनपुर, सुपौल सहित जिले के विभिन्न प्रखंडों से अनुसूचित जनजाति समुदाय के पुरुष एवं महिला प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान जनजातीय समुदाय की स्वास्थ्य, सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति, आजीविका, विरासत, साहित्य, कला एवं संस्कृति समेत विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
प्रतिनिधियों ने समुदाय के विकास के मार्ग में आ रही विभिन्न समस्याओं को सम्मेलन में रखा। साथ ही समस्याओं के समाधान और समुदाय के समग्र विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। अनुसूचित जनजाति समुदाय की ओर से डॉ. सकलदेव चंद उरांव, ज्ञान बहादुर गुरु एवं रिंकी देवी सहित अन्य प्रतिनिधियों ने अपने विचार और सुझाव रखे। वक्ताओं ने जनजातीय समुदाय की सामाजिक, आर्थिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के साथ-साथ विकास के अवसरों को बढ़ाने पर जोर दिया।
मौके पर अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी, सुपौल, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, किशनपुर सहित जिला कल्याण कार्यालय के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

