home page

भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ ने खेल मैदान में किया पौधारोपण, प्रधानमंत्री के 12 वर्ष के कार्यकाल को समर्पित रहा कार्यक्रम

 | 
भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ ने खेल मैदान में किया पौधारोपण, प्रधानमंत्री के 12 वर्ष के कार्यकाल को समर्पित रहा कार्यक्रम


पटना, 16 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) क्रीड़ा प्रकोष्ठ की ओर से गुरुवार को पटना के खिमनीचक स्थित श्री कृष्णा खेल मैदान (बेईमान टोला) में विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री के रूप में 12 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सतीश श्रीवास्तव 'राजू' ने की।

कार्यक्रम के दौरान खेल मैदान को हरित और पर्यावरण अनुकूल बनाने के उद्देश्य से फलदार, छायादार तथा फूलों के पौधे लगाए गए। उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें संरक्षित एवं जीवित रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और हरित वातावरण के निर्माण का संदेश भी दिया गया।

इस अवसर पर अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्रदेश संयोजक सतीश श्रीवास्तव 'राजू' ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण, प्रकृति संवर्धन और सतत विकास को विशेष प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि देशभर में वृक्षारोपण, जल संरक्षण और स्वच्छता जैसे जन अभियानों को व्यापक जनभागीदारी से सफल बनाया गया है। इन्हीं प्रयासों से प्रेरणा लेकर भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ ने खेल मैदान को हरा-भरा बनाने के उद्देश्य से वृक्षारोपण अभियान चलाया है।

सतीश श्रीवास्तव ने कहा कि खेल मैदान केवल खिलाड़ियों के अभ्यास का केंद्र नहीं होते, बल्कि स्वस्थ और स्वच्छ वातावरण के भी प्रतीक हैं। ऐसे स्थानों पर अधिक से अधिक पौधे लगाए जाने से खिलाड़ियों को स्वच्छ वातावरण मिलेगा और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण को सामाजिक जिम्मेदारी बताते हुए लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है।

वृक्षारोपण कार्यक्रम में भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ के सह संयोजक मुकेश पासवान, कंचन कुमारी, कोषाध्यक्ष विकास सिंह, प्रदेश कार्यकारिणी समिति के सदस्य संतोष तिवारी, आईटी सेल के संयोजक मोहित श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर जनभागीदारी बढ़ाने का संकल्प दोहराया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी