home page

परिवहन विभाग का जांच अभियान,यात्रियों से अधिक किराया वसूली एवं बसों की स्थिति की जांच

 | 
परिवहन विभाग का जांच अभियान,यात्रियों से अधिक किराया वसूली एवं बसों की स्थिति की जांच


अररिया 13 नवम्बर(हि.स.)।

छठ पर्व के मद्देनजर परिवहन कार्यालय की पूरी टीम जिले के विभिन्न मार्गों एवं प्रमुख स्थलों पर शुक्रवार को सघन जांच अभियान शुरू की है। पर्व के दौरान दूसरे शहरों एवं राज्यों से घर लौटने वाले यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है।

जिला परिवहन पदाधिकारी डॉ. संजीव कुमार सज्जन के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम द्वारा विभिन्न मार्गों पर चलने वाली बसों का औचक निरीक्षण किया जा रहा है।

इस दौरान विशेष रूप से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि बाहर से आने वाले यात्रियों से निर्धारित किराए से अधिक राशि की वसूली नहीं की जाए तथा बसों में निर्धारित किराया सूची का स्पष्ट रूप से प्रदर्शन हो।जांच अभियान के दौरान केवल किराया सूची एवं यात्रियों से वसूले गए किराए की ही जांच नहीं की जा रही है, बल्कि बस में सफर कर रहे यात्रियों से सीधे संवाद कर यह भी जानकारी ली जा रही है कि यात्रा के दौरान उन्हें किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं हुई, उनसे कितना किराया लिया गया तथा बस की स्थिति एवं उपलब्ध सुविधाएं कैसी हैं। यात्रियों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर भी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

इसके अतिरिक्त बसों की भौतिक स्थिति, परिचालन योग्यता एवं यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े आवश्यक मानकों की भी जांच की जा रही है। जिन बसों की स्थिति निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाई जा रही है अथवा जिनके द्वारा मोटरयान अधिनियम एवं अन्य प्रावधानों का उल्लंघन किया जा रहा है, उनके विरुद्ध नियमानुसार शमन की कार्रवाई की जा रही है।

जिला परिवहन पदाधिकारी ने सभी बस संचालकों को निर्देश दिया है कि छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

निर्धारित किराया ही वसूलें, बसों में किराया सूची प्रदर्शित करें तथा वाहनों का परिचालन निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही करें। यात्रियों से अधिक किराया वसूली अथवा असुरक्षित वाहनों के परिचालन की शिकायत मिलने पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।अभी तक विभाग के द्वारा 4.20 लाख रूपये बस संचालकों से जुर्माने की राशि की वसूली की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर