आपदा पूर्व तैयारी को लेकर जीविका दीदियों को दिया गया प्रशिक्षण
अररिया 04 फरवरी(हि.स.)।जिले के पलासी प्रखंड के जीविका दीदियों को बुधवार को नारी सम्मान सीएलएफ प्रांगण में आपदा से पूर्व तैयारी एवं बचाव को लेकर प्रशिक्षण दिया गया।प्रशिक्षण कार्यक्रम जिला आपदा प्रबंधन के मार्गदर्शन तथा यूनिसेफ पटना, बिहार इंटर एजेंसी एवं जीपीएसभीएस के सहयोग से किया गया।जीविका दीदियों को आपदा पूर्व तैयारी, रिस्पांस एवं रिकवरी एवं सुरक्षित व्यवहार अपनाने विषय पर प्रशिक्षित किया गया।
मौके पर जितेन्द्र कुमार मांझी ने बताया कि जिला आपदा के दृष्टिकोण से काफी संवेदनशील है।जीविका का जिला में 3 लाख परिवार तक पहुंच हैं। हम सभी का दायित्व हैं कि सभी प्राकृतिक एवं मानव जनित आपदाओं से बचाव के लिए स्थानीय स्तर पर जन जागरूकता फैलाएं।जागरूकता के दौरान बच्चों, दिव्यांग एवं बुजुर्गों को प्राथमिकता दिया जाएं।जीविका दीदियों का हर परिवार स्तर पर जुड़ाव होने के कारण समुदाय स्तर पर बाढ़, भूकम्प, ठनका, सड़क दुर्घटना, सर्पदंश, लू एवं अगलगी के लिए कार्य योजना बना कर कार्य करने की जरूरत हैं। आपदा के पूर्व चेतावनी तंत्र को समझे तथा सूचना मिलने पर एक दूसरे को साझा करें।
कमल कामत ने बाढ़ पूर्व तैयारी की सोलह बिंदु चेक लिस्ट के महत्ता को विस्तृत रूप से चर्चा करते हुए बताया कि अगले बाढ़ को ध्यान में रखते हुए जून माह में हर व्यक्ति को अपने परिवार स्तर पर सूखा राशन, आवश्यक दस्तावेज, जरुरत की दवाइयाँ तथा सुरक्षा कीट सहित उत्तरजीविता थैला का निर्माण किया जाना आवश्यक हैं। बाढ़ के दौरान गर्भवती महिला के प्रसव कीट , धात्री माता की एवं छोटे बच्चों के लिए भी भोजन एवं दवाइयां का पूर्व प्रबंध करना है।अपने क्षेत्र में अबोध बच्चों को उनके नाम पता का ताबीज़ गले में देना है ताकि बाढ़ के दौरान गुमशुदा होने पर आसानी पूर्वक उसको खोजा जा सकता है। भूकम्प के दृष्टिकोण से जिला सीस्मिक जोन 5 में है।भूकंप से बचाव के लिए सुरक्षित निर्माण तथा बचाव की जीवन सुरक्षा कौशल को हर व्यक्ति को अपनाने की जरूरत हैं।मास्टर ट्रेनर धीरज कुमार ने भी कई आवश्यक जानकारी साझा की। प्रशिक्षण में पलासी प्रखंड के कुल 85 से अधिक जीविका दीदियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में सचिन कुमार यादव, सविता देवी, जितेंद्र कुमार मांझी,महेश कुमार मंडल विकास मित्र चम्पा कुमारी ने अपने-अपने अनुभव को साझा किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

