जोगबनी से भागलपुर के लिए ट्रेन सेवा चालू करने की मांग
अररिया 05 मई(हि.स.)। सीमांचल को अंग क्षेत्र भागलपुर से जोड़ने वाली लाइफलाइन विक्रमशिला सेतु के पिलर संख्या 137 के क्षतिग्रस्त होकर स्लैब के गंगा में समा जाने के कारण सड़क परिवहन आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है।सीमांचल से भागलपुर का संपर्क टूट गया है।फलस्वरूप आमजनों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।उत्तरी बिहार से भागलपुर, सुल्तानगंज, मुंगेर, बांका, जमुई ,हंसडीहा, देवघर आने जाने वाले यात्रियों को अभी काफी लंबी दूरी तय करके अपनी यात्रा करने को मजबूर होना पड़ रहा है।
विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त हिस्से के पुनर्निर्माण में काफी समय लग सकता है,ऐसे में विभिन्न रेलवे संगठन से जुड़े प्रतिनिधियों ने मंडल रेल प्रबंधक समेत सांसद से जोगबनी से फारबिसगंज, अररिया,पूर्णिया,कटिहार, नवगछिया,खगड़िया,गंगा पुल होकर भागलपुर तक ट्रेन चलाई जाने की मांग की है।
बिहार डेली पैसेंजर्स एसोसिएशन के सदस्य बछराज राखेचा एवं इंडो नेपाल ऑर्गेनाइजेशन ऑफ रेल यूजर्स के सदस्य विनोद सरावगी ने पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के कटिहार डिविजन के मंडल रेल प्रबंधक एवं मंडल रेल परिचालन प्रबंधक से मांग की है कि जब तक यह विक्रमशिला सेतु आवागमन के लिए पूरी तरह चालू नहीं हो जाता है, तब तक वैकल्पिक व्यवस्था के लिए एक स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन का परिचालन जोगबनी से भागलपुर तक के लिए किया जाए,जिससे हजारों यात्रियों को तत्काल राहत मिल सके।
इस संदर्भ में रेल यात्री संघ के सदस्य चंदन भगत ने भी पूर्व मध्य रेलवे के समस्तीपुर डिवीजन के महाप्रबंधक से मांग की है सहरसा से जमालपुर के बीच वर्तमान में चल रही है ट्रेन संख्या 63397/ 98 को सहरसा से फारबिसगंज तक एवं जमालपुर से भागलपुर तक के लिए विस्तारित करें।सांसद के रेल प्रतिनिधि विनोद सरावगी ने सांसद प्रदीप सिंह से इस मामले में पहल करने की अनुरोध किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

