home page

भोलानाथ पुल निर्माण ने बढ़ाई आफत, भीखनपुर 12 गुमटी फाटक पर घंटों लगता है जाम

 | 
भोलानाथ पुल निर्माण ने बढ़ाई आफत, भीखनपुर 12 गुमटी फाटक पर घंटों लगता है जाम


भागलपुर, 31 जुलाई (हि.स.)। शहर के दक्षिणी क्षेत्र के हजारों लोगों के लिए इन दिनों आवागमन एक बड़ी मुसीबत बन गया है। भोलानाथ ओवरब्रिज (फ्लाइओवर) निर्माण कार्य के चलते रूट डायवर्ट होने के कारण भीखनपुर 12 नंबर गुमटी रेलवे फाटक पर वाहनों का दबाव कई गुना बढ़ गया है।

स्थिति यह है कि इस सिंगल रूट पर सुबह से लेकर देर रात तक रुक-रुक कर विकराल जाम लगता रहता है, जिससे स्कूली बच्चों से लेकर आम राहगीर तक घंटों बेबस खड़े रहने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों और राहगीरों के अनुसार, इस रेलखंड पर दोहरी (डबल) रेल लाइन होने के कारण ट्रेनों का आवागमन लगातार होता रहता है। सबसे बड़ी समस्या यह है कि उचित सिग्नलिंग व्यवस्था दुरुस्त नहीं होने के कारण मालगाड़ियों को अक्सर इस गुमटी के पास ही रोक दिया जाता है। एक-एक मालगाड़ी यहां आधे से एक घंटे तक खड़ी रहती है, जिसके कारण रेलवे फाटक लंबे समय तक बंद रखना पड़ता है। फाटक बंद होने के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं।

इस जाम में सबसे ज्यादा फजीहत स्कूली बच्चों को झेलनी पड़ रही है। दोपहर के समय जब विभिन्न स्कूलों की वैन और बसें बच्चों को लेकर लौटती हैं, तो वे तपती धूप में घंटों जाम में फंसी रहती हैं। इसके अलावा आपातकालीन स्थिति में मरीजों को ले जा रही एंबुलेंस भी इस महाजाम का शिकार हो रही हैं, जिससे किसी दिन बड़ी अनहोनी की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। भोलानाथ पुल ओवरब्रिज का निर्माण कार्य शुरू होने के बाद से ही शहर के दक्षिणी हिस्से (जैसे मिरजानहाट, हबीबपुर, जगदीशपुर, गोराडीह मार्ग) को जोड़ने वाली मुख्य सड़क बंद है।

इसके विकल्प के रूप में पूरा यातायात भीखनपुर 12 नंबर गुमटी की ओर मोड़ दिया गया है। संकरी सड़क और रेलवे फाटक के बार-बार बंद होने से स्थिति नियंत्रण से बाहर हो जाती है। जब फाटक खुलता है, तो दोनों ओर से वाहन एक साथ निकलने की होड़ में आमने-सामने फंस जाते हैं, जिससे जाम और अधिक विकराल रूप धारण कर लेता है। भीखनपुर के स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यहां रेलवे और जिला प्रशासन की लापरवाही साफ दिखती है।

इतनी व्यस्त गुमटी होने के बावजूद यहां ट्रैफिक पुलिस की स्थाई तैनाती नहीं है। लोगों ने मांग की है कि मालगाड़ियों को रेलवे आउटर पर रोके, न कि रिहायशी इलाके और गुमटी के पास। जाम को नियंत्रित करने के लिए फाटक के दोनों ओर पर्याप्त संख्या में ट्रैफिक जवानों की ड्यूटी लगाई जाए। भोलानाथ ओवरब्रिज के निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए ताकि इस वैकल्पिक रूट से दबाव कम हो सके। यदि प्रशासन ने समय रहते इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया, तो आने वाले दिनों में यह समस्या और भी गंभीर रूप ले सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर