home page

ट्रैक्टर की चपेट में आने से 8 वर्षीय मासूम की मौत

 | 
ट्रैक्टर की चपेट में आने से 8 वर्षीय मासूम की मौत


ट्रैक्टर की चपेट में आने से 8 वर्षीय मासूम की मौत


सुपौल, 10 मई (हि.स.)। जिले के ललमनिया गांव में मिट्टी भराई के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में 8 वर्षीय मासूम दिलखुश राम की मौत हो गई।

घटना नदी थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड-13 की बताई जा रही है। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतक अपने पिता का इकलौता पुत्र था, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

जानकारी के अनुसार ललमनिया वार्ड-13 निवासी योगेंद्र राम का पुत्र दिलखुश राम गांव में खेल रहा था। उसी दौरान वार्ड-12 निवासी प्रयाग साह के यहां ट्रैक्टर से मिट्टी भराई का काम चल रहा था।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रैक्टर चालक तेज आवाज में गाना बजाते हुए वाहन चला रहा था। इसी बीच बच्चा ट्रैक्टर की चपेट में आ गया और उसके सीने पर ट्रैक्टर का चक्का गुजर गया। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना के बाद ग्रामीणों ने बच्चे को गंभीर हालत में आनन-फानन में अनुमंडलीय अस्पताल निर्मली पहुंचाया। वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. अखिलेश झा ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

डॉक्टर ने बताया कि बच्चा अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ चुका था। ग्रामीणों ने बताया कि दिलखुश की मां बचपन में ही परिवार छोड़कर दूसरे स्थान पर चली गई थी। पिता योगेंद्र राम मजदूरी कर किसी तरह परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। ऐसे में इकलौते बेटे की मौत ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है। गांव में घटना के बाद शोक और गम का माहौल है।

ट्रैक्टर मालिक छजना गांव का निवासी है, जबकि चालक ललमनिया के मुहरी गांव का रहने वाला है। घटना की सूचना मिलते ही नदी थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र