home page

सूखा नशा के खिलाफ ग्रामीणों की बैठक, प्रशासन से कार्रवाई की मांग

 | 
सूखा नशा के खिलाफ ग्रामीणों की बैठक, प्रशासन से कार्रवाई की मांग


सुपौल, 07 जून (हि.स.)। जिले के सिमराही नगर पंचायत के दिनादास टोला में रविवार को बढ़ते सूखा नशा के प्रचलन के खिलाफ ग्रामीणों ने एकजुट होकर आवाज बुलंद की।

बजरंगबली मंदिर परिसर में आयोजित बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीण, सामाजिक कार्यकर्ता और अभिभावक शामिल हुए। सभी ने क्षेत्र में फैल रहे नशीले पदार्थों के कारोबार पर चिंता जताते हुए इसे युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा बताया। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि पिछले कुछ समय से इलाके में सूखा नशा का प्रचलन तेजी से बढ़ा है।

इसका सबसे अधिक असर किशोरों और युवाओं पर पड़ रहा है। नशे की लत के कारण कई युवा पढ़ाई और रोजगार से दूर होते जा रहे हैं, जिससे अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि समय रहते इस समस्या पर नियंत्रण नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।

लोगों ने आशंका जताई कि नशे के बढ़ते कारोबार से क्षेत्र में आपराधिक घटनाओं में भी वृद्धि हो सकती है। उनका कहना था कि नशे की वजह से कई परिवार सामाजिक, आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं। बैठक में मौजूद अभिभावकों ने छात्र-छात्राओं पर पड़ रहे इसके दुष्प्रभाव को लेकर भी चिंता व्यक्त की।

बैठक में सर्वसम्मति से प्रशासन से मांग की गई कि क्षेत्र में अवैध रूप से चल रहे नशे के कारोबार की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही पुलिस गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की भी मांग उठाई गई।ग्रामीणों ने यह भी निर्णय लिया कि समाज को जागरूक बनाने के लिए गांव-गांव और टोला-टोला में जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

लोगों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी जाएगी तथा युवाओं को इससे दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा। बैठक के अंत में ग्रामीणों ने नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास जारी रखने का संकल्प लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र