home page

संपूर्ण क्रांति दिवस पर कार्यक्रम का हुआ आयोजन

 | 
संपूर्ण क्रांति दिवस पर कार्यक्रम का हुआ आयोजन


भागलपुर, 05 जून (हि.स.)। गांधी शांति प्रतिष्ठान केंद्र और संपूर्ण क्रांति आंदोलनकारी मंच के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को संपूर्ण क्रांति दिवस के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन प्रकाश चंद्र गुप्ता की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ मनोज कुमार पूर्व कुलपति जेपी विश्वविद्यालय वर्धा और विशिष्ट वक्ता जयप्रकाश झा महंत थे।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि वर्ष 1974 में लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला हुआ और देश में भ्रष्टाचार, महंगाई और बेरोजगारी चरम पर पहुंच गया, तब लोकनायक जयप्रकाश नारायण के नेतृत्व में संपूर्ण क्रांति का उद्घोष किया गया। परिणाम 1977 के चुनाव में तत्कालीन सरकार बुरी तरह परास्त हुई, जनता में सत्ता परिवर्तन से व्यवस्था परिवर्तन की उम्मीद जगी लेकिन तब के बाद अपेक्षित सुधार की जो आशा लोगों के मन में जागा था। वह आज तक अधूरा है। इसलिए संपूर्ण क्रांति की धारा को सतत गतिमान रखना होगा। आज का दिवस संकल्प का दिवस है। इसलिए व्यवस्था परिवर्तन की लड़ाई को सतत गतिमान रखने की आवश्यकता है।

कार्यक्रम में उपस्थित जेपी सेनानियों के बीच उस पत्र का जिक्र किया गया, जिसमें पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा के द्वारा भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग किया गया है की आपातकाल के समय सक्रिय जेपी सेनानियों को पेंशन सहित सभी सुविधाएं प्रदान की जाय तथा बिहार के मुख्यमंत्री के इस मंतव्य की भी सराहना की गई। जिसमें उन्होंने कहा है कि जेपी सेनानियों को अपेक्षित लाभ दिया जाएगा।

कार्यक्रम में उपस्थित जेपी सेनानियों ने सरकार से जे पी सेनानी को लोक सेवक का दर्जा प्रदान करते हुए स्वतंत्रता सेनानी की सुविधा प्रदान करने, निशुल्क चिकित्सा सुविधा, सभी को पेंशन की सुविधा और पारिवारिक पेंशन की प्रक्रिया को सरल करने की मांग की है।

कार्यक्रम के अंत में अन्य जेपी सेनानियों को जिनका असामयिक निधन हो गया है, उनमें से सोहन भारती, सुरेश भारती और प्रकाश मिश्रा के निधन पर उनकी स्मृति में 2 मिनट का मौन रखकर श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख लोगों में इंजीनियर अमन कुमार सिंहा, अरविंद कुमार रामा ,संजय कुमार, बासुदेव भाई, मोहम्मद तकी अहमद जावेद, मोहम्मद शाहबाज, दिनेश मंडल, मुनेश्वर मंडल,छेदी दास, लक्ष्मण दास,सुधीर कुमार मंडल, वकील प्रसाद सिंह,मो मिंटू कलाकार, डॉ सुधीर मंडल,मोहम्मद फारूक,डॉक्टर जयंत जलद,रंजीत कुमार,पूनम श्रीवास्तव, प्यारी देवी,सुबोध मंडल, विनोद दास, सहित अनेकों लोग उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर