home page

नवादा में बंद कमरे से पति-पत्नी का शव बरामद, मचा कोहराम

 | 
नवादा में बंद कमरे से पति-पत्नी का शव बरामद, मचा कोहराम


नवादा, 02 जुलाई (हि.स.)। नवादा जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र के परमा गांव में गुरुवार को बंद कमरे से पति-पत्नी का शव बरामद किया गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घर का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां पति और पत्नी दोनों मृत अवस्था में पाए गए।

मृतकों की पहचान सुबोध सिंह एवं उनकी पत्नी रूबी कुमारी के रूप में की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया और विभिन्न पहलुओं से जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

वहीं घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। बताया जाता है कि परमा गांव स्थित घर का दरवाजा काफी देर तक नहीं खुलने पर ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद मामले की सूचना नारदीगंज थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मौजूदगी में दरवाजा तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया। अंदर का दृश्य देखकर सभी हैरान रह गए। कमरे में पति और पत्नी दोनों मृत अवस्था में पड़े थे।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना पर फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घर के अंदर तथा आसपास के क्षेत्र की बारीकी से जांच की। पुलिस ने घटनास्थल से विभिन्न नमूने एकत्र किए हैं। हालांकि प्रारंभिक जांच में पुलिस को ऐसा कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिला है. जिससे हत्या या किसी अन्य आपराधिक घटना की पुष्टि हो सके।

फिलहाल यह घटना पूरे गांव में चर्चा का विषय बनी हुई है और पुलिस शव का पोस्टमार्टम करा कर सभी पहलुओं पर जांच में जुट गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन