home page

हरनौत नगर पंचायत में सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों का चुनाव संपन्न

 | 
हरनौत नगर पंचायत में सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों का चुनाव संपन्न


नालंदा, बिहारशरीफ 30 मई (हि.स.)। बिहार नगरपालिका (संशोधन) अधिनियम, 2026 के तहत शनिवार को हरनौत नगर पंचायत में सशक्त स्थायी समिति के तीन सदस्यों के निर्वाचन के लिए चुनाव शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न कराया गया।

गुप्त मतदान के माध्यम से आयोजित इस चुनाव में नगर पंचायत के पार्षदों ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर तीन सदस्यों का चयन किया।चुनाव प्रक्रिया का संचालन जिला पंचायती राज पदाधिकारी सह निर्वाची पदाधिकारी संकेत कुमार के नेतृत्व में प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार भवन में किया गया। मतदान एवं मतगणना की पूरी प्रक्रिया प्रशासनिक निगरानी में संपन्न हुई।

मतगणना के तुरंत बाद विजयी प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की गई। इसके उपरांत निर्वाची पदाधिकारी ने सभी निर्वाचित सदस्यों को प्रमाण-पत्र प्रदान किया तथा पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

चुनाव को लेकर सुबह से ही प्रखंड मुख्यालय परिसर में राजनीतिक सरगर्मी देखने को मिली। विभिन्न वार्डों के पार्षद और उनके समर्थक परिणाम को लेकर उत्साहित नजर आए। सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिसके कारण पूरी चुनावी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

सशक्त स्थायी समिति के तीन पदों के लिए हुए चुनाव में कई मुकाबले बेहद दिलचस्प रहे। वार्ड संख्या 17 के पार्षद सुनील कुमार चौधरी और वार्ड संख्या 13 के पार्षद श्याम बालक साव के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। दोनों प्रत्याशियों को समान रूप से नौ-नौ मत प्राप्त हुए। मतों की बराबरी होने के कारण निर्वाची पदाधिकारी की देखरेख में लॉटरी प्रक्रिया अपनाई गई, जिसमें सुनील कुमार चौधरी विजयी घोषित किए गए।दूसरे मुकाबले में वार्ड संख्या 14 के अनिल कुमार ने वार्ड संख्या 15 के राजीव रंजन कुमार को पराजित किया। अनिल कुमार को 10 मत प्राप्त हुए, जबकि राजीव रंजन कुमार को 7 मतों से संतोष करना पड़ा। वहीं तीसरे मुकाबले में वार्ड संख्या 9 के सूरज कुमार ने वार्ड संख्या 2 की पार्षद बबीता पांडे को शिकस्त दी। सूरज कुमार को 9 मत मिले, जबकि बबीता पांडे को 8 मत प्राप्त हुए। इस चुनाव में एक मत अवैध घोषित किया गया।

परिणाम घोषित होते ही निर्वाचित सदस्यों के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने विजयी उम्मीदवारों को फूल-मालाओं से लादकर बधाई दी और उनके समर्थन में नारेबाजी की। सभागार परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।नवनिर्वाचित सदस्यों ने अपनी जीत पर नगर पंचायत क्षेत्र की जनता और पार्षदों का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता नगर पंचायत क्षेत्र का सर्वांगीण विकास, आधारभूत सुविधाओं का विस्तार तथा आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना होगा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्य करेंगे।इस अवसर पर पार्षद प्रतिनिधि शिशुपाल कुमार, संतोष कुमार, रोहित कुमार उर्फ मिलन जी समेत कई जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने विजयी सदस्यों को शुभकामनाएं दीं।

चुनाव को सफल, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने में जिला पंचायती राज पदाधिकारी संकेत कुमार के अलावा प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. पंकज कुमार, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी उमेश कुमार, अंचलाधिकारी पूजा कुमारी, आरओ ऋतुरिमिम, शिवेंदु कुमार तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

प्रशासनिक अधिकारियों की सतर्कता और बेहतर प्रबंधन के कारण चुनाव प्रक्रिया बिना किसी व्यवधान के सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे