home page

नालंदा जिले में निर्माणाधीन कोसुक रिवर फ्रंट का मंत्री ने किया स्थलीय निरीक्षण

 | 
नालंदा जिले में निर्माणाधीन कोसुक रिवर फ्रंट का मंत्री ने किया स्थलीय निरीक्षण


नालंदा, बिहारशरीफ 15 मई (हि.स.)।बिहारशरीफ नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 49 में निर्माणाधीन कोसुक रिवर फ्रंट का स्थलीय निरीक्षण आज शुक्रवार को क्षेत्रीय विधायक सह बिहार सरकार के ग्रामीण विकास एवं सूचना जनसंपर्क विभाग के मंत्री श्रवण कुमार एवं सांसद कौशलेंद्र कुमार द्वारा किया गया।इस अवसर पर मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि कोसुक रिवर फ्रंट पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का ड्रीम प्रोजेक्ट रहा है।

उन्होंने कहा कि अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सहेजते हुए बिहार आज विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना और महिला सशक्तिकरण सहित हर क्षेत्र में उनके नेतृत्व में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। वे सच्चे अर्थों में आधुनिक बिहार के शिल्पकार हैं।मंत्री ने कहा कि रिवर फ्रंट सिर्फ सुंदरता का प्रोजेक्ट नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता न हो तथा परियोजना को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए।

उन्होंने कहा कि नदी को स्वच्छ रखना हम सबकी जिम्मेदारी है। यहां घाट, वॉक-वे, आकर्षक लाइटिंग और हरियाली का कार्य इस प्रकार किया जाए कि स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटक भी आकर्षित हों। मंत्री ने यह भी कहा कि रिवर फ्रंट बनने से आसपास के क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे तथा लोगों को सुबह-शाम टहलने के लिए एक सुंदर और सुरक्षित स्थान उपलब्ध होगा।

सांसद कौशलेंद्र कुमार ने कहा कि यह रिवर फ्रंट बिहारशरीफ सहित पूरे नालंदा जिले के लोगों के लिए वरदान साबित होगा। आने वाले समय में शहरवासियों को इसका व्यापक लाभ मिलेगा तथा आसपास के किसानों को भी इससे फायदा पहुंचेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे