ऐतिहासिक मलमास मेला को लेकर कई मार्ग को किया गया प्रतिबंधित
नालंदा, बिहारशरीफ 12 मई (हि.स.)। नालंदा जिले के राजकीय मलमास मेला 2026 का आयोजन प्रस्तावित है, जहां विगत वर्षों में अत्यधिक संख्या में श्रद्धालुओं द्वारा मलमास मेला की अवधि में राजगीर का भ्रमण किया गया है, इस वर्ष भी मलमास मेला में अत्यधिक संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है।उक्त अवसर पर 15. मई 2026 से 15 जून तक यातायात व्यवस्था सुचारू संचालित करने हेतु राजगीर शहर एवं समीपवर्ती क्षेत्रों का ट्रैफिक प्लान निर्धारित किया गया है,जिसमें राजगीर की ओर सभी प्रकार के व्यवसायिक वाहनों यथा ट्रक, ट्रेक्टर, पिकअप आदि का प्रवेश एवं परिचालन प्रतिबंधित किया गया है। वहीं आर ओ बी हसनपुर राजगीर से वनगंगा तक आने एवं जाने वाले मार्ग में छोटे एवं बड़े वाहनों का प्रवेश एवं परिचालन प्रतिबंधित किया गया है।
हरियाली से कलाली मोड़ तक आने एवं जाने वाली मार्ग में सभी प्रकार के छोटे एवं बड़े वाहनों का प्रवेश एवं परिचालन , हरियाली से ब्रहमकुंड एवं कलाली मोड़ से ब्रहमकुंड आने एवं जाने वाले मार्ग में सभी प्रकार के छोटे एवं बड़े वाहनों का प्रवेश एवं परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। वहीं बिहारशरीफ से राजगीर होकर नवादा एवं गया जाने वाले व्यवसायिक वाहन राजगीर की ओर ना आकर बख्तियारपुर-रजौली एन०एच० से होकर जायेंगे।
गया से सरबहदा होते हुए छबिलापुर की ओर आने वाले व्यवसायिक वाहन गया जिला के सरबहदा मोड़ (बलुआ खंदहा मोड़) एवं नालंदा जिला के खुदागंज की सीमा से इस्लामपुर की ओर मार्ग से परिचालित होंगे।गिरियक मोड़ से राजगीर की ओर आने वाले वाले व्यवसायिक वाहन राजगीर ना आकर बख्तियारपुर-रजौली एन०एच० से होकर जायेंगे।गया, हिसुआ, नवादा से आने वाली छोटी गाड़ियों यथा तीन चक्का, चार चक्का गाड़ियां नारदीगंज से दाहिने मूड़कर ग्राम पकड़िया होते हुए पकड़िया मोड़ से खराट होकर बिहारशरीफ पटना की ओर एन०एच० मार्ग से जायेगी।
ब्रह्मकुण्ड एवं वैतरनी के सम्पूर्ण परिधि तथा समिपवर्ती क्षेत्रों में पूर्णतः क्षेत्र में किसी भी प्रकार के वाहन का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित किया गया है। उक्त मार्ग में पैदल आवागमन की जायेगी। भीड़ नियंत्रण हेतु ब्रह्कुण्ड में श्रद्धालुओं के लिए विरायतन मोड़ से जिग जैग के रास्ते मुख्य प्रवेश द्वार से प्रवेश का मार्ग निर्धारित है। ब्रह्मकुण्ड से निकास हेतु काशी कुण्ड के सामने से होते हुए एवं लक्ष्मी नारायण मंदिर के उतर से होते हुए विरायतन मोड़ की ओर निकास मार्ग निर्धारित है।प्रखंड विकास पदाधिकारी, राजगीर/सिलाव एवं संबंधित नगर कार्यपालक पदाधिकारी को निर्देशित किया गया है कि उपरोक्त पार्किंग स्थल एवं ड्रॉप गेट से संबंधित आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे

