home page

नालंदा समाहरणालय में लगा स्वास्थ्य शिविर, कैंसर से लेकर बीपी-डायबिटीज तक हुई जांच

 | 
नालंदा समाहरणालय में लगा स्वास्थ्य शिविर, कैंसर से लेकर बीपी-डायबिटीज तक हुई जांच


नालंदा, बिहारशरीफ 14 मार्च (हि.स.)।जिला प्रशासन के निर्देश पर शनिवार को समाहरणालय परिसर में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर समाहरणालय संवर्ग के पदाधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों के बेहतर स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाया गया।जिला पदाधिकारी कुंदन कुमार के निर्देश पर आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर में कर्मचारियों और पदाधिकारियों की विभिन्न बीमारियों की जांच की गई।

शिविर में कैंसर स्क्रीनिंग, आंखों की जांच, महिला रोग, नाक-कान-गला (ईएनटी) रोग, डायबिटीज, ब्लड प्रेशर तथा पेट से संबंधित रोगों की जांच और आवश्यक उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई गई।इस दौरान बड़ी संख्या में समाहरणालय के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वास्थ्य जांच कराई और चिकित्सकों से परामर्श लिया।स्वास्थ्य शिविर का स्थलीय निरीक्षण जिला पदाधिकारी कुंदन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने किया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया और उपस्थित चिकित्सकों व कर्मियों से जानकारी प्राप्त की।

अधिकारियों ने कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन से कर्मचारियों और उनके परिवारजनों को समय पर स्वास्थ्य जांच और परामर्श की सुविधा मिलती है, जिससे गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान और उपचार संभव हो पाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे