home page

बैजानी पंचायत में तिरंगा रैली, देशभक्ति के नारों से गूंजा पूरा क्षेत्र

 | 
बैजानी पंचायत में तिरंगा रैली, देशभक्ति के नारों से गूंजा पूरा क्षेत्र


भागलपुर, 13 अगस्त (हि.स.)। 80वें स्वतंत्रता दिवस को लेकर 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत बैजानी पंचायत स्थित पंचानन झा उच्च विद्यालय में गुरुवार को एक तिरंगा रैली का आयोजन किया गया।

इस रैली में स्कूली छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, कलाकारों, जिला प्रशासन के अधिकारियों और स्थानीय ग्रामीणों ने भारी संख्या में भाग लिया। हाथों में तिरंगा थामे सभी प्रतिभागियों ने देशभक्ति के जोशीले नारों के साथ राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

रैली की शुरुआत डीएसओ सुधीर कुमार और विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका के नेतृत्व में पंचानन झा उच्च विद्यालय परिसर से हुई। यह रैली बैजानी पंचायत के विभिन्न मुख्य चौक-चौराहों से गुजरते हुए वापस विद्यालय परिसर में पहुंचकर समाप्त हुई। रैली के दौरान पूरा क्षेत्र तिरंगे की छटा और देशभक्ति के माहौल में सराबोर नजर आया।

कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी स्कूलों के बच्चों के साथ-साथ कला एवं शैक्षणिक संस्थानों से जुड़े कलाकारों ने भी पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। इस मौके पर जगदीशपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अमित कुमार ने कहा कि 'हर घर तिरंगा' अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र के प्रति हमारे सम्मान, गौरव और जिम्मेदारी की एक सामूहिक अभिव्यक्ति है।

इस रैली का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को राष्ट्रध्वज के सम्मान, स्वतंत्रता संग्राम के मूल्यों और राष्ट्रीय एकता के प्रति जागरूक करना है।

इस भव्य आयोजन में डीएसओ सुधीर कुमार, बीडीओ अमित कुमार, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी डॉ. प्रियांशु राज, स्थानीय मुखिया नवल किशोर सिंह, बीस सूत्री अध्यक्ष गुरुदेव मंडल, सदस्य कुमार सत्यम, सरपंच सूरज कुमार, उपसरपंच सुभाष चंद्र झा और पंचायत समिति सदस्य अनिल रविदास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।

जिला प्रशासन ने इस अवसर पर सभी जिलेवासियों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराकर इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर