home page

वैशाली और बिहार संपर्क क्रांति में एसीएम की सघन जांच, 50 बेटिकट व अनियमित यात्री पकड़े गए

 | 
वैशाली और बिहार संपर्क क्रांति में एसीएम की सघन जांच, 50 बेटिकट व अनियमित यात्री पकड़े गए


सीवान , 17 जुलाई (हि.स.)। पूर्वोत्तर रेलवे, गोरखपुर के सहायक वाणिज्य प्रबंधक शिवशंकर प्रसाद के नेतृत्व में शुक्रवार को वैशाली एक्सप्रेस और बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में सघन टिकट जांच अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान बिना टिकट और अनियमित टिकट पर यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई। नई दिल्ली से ललित ग्राम जाने वाली 15565 वैशाली एक्सप्रेस तथा दरभंगा से नई दिल्ली जाने वाली 12565 बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में हुई जांच के दौरान करीब 50 यात्री बिना टिकट अथवा पर्याप्त टिकट के बिना यात्रा करते पाए गए। रेलवे की टीम ने सभी यात्रियों से भाड़ा एवं जुर्माने के रूप में कुल 27,800 रुपये की वसूली की।

अभियान के दौरान केवल टिकटों की जांच तक ही कार्रवाई सीमित नहीं रही. ट्रेनों के रसोई यान का भी गहन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता और उनकी कार्यशीलता के साथ-साथ पेंट्री कार में कार्यरत कर्मचारियों के वैध पहचान पत्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की भी जांच की गई। अधिकारियों ने सुरक्षा एवं खाद्य सेवा से जुड़े मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के विशेष टिकट जांच अभियान का उद्देश्य बिना

टिकट यात्रा पर प्रभावी रोक लगाना, रेलवे राजस्व की सुरक्षा करना तथा यात्रियों को नियमों का पालन करने के लिए जागरूक करना है। साथ ही ट्रेनों में सुरक्षा और सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए नियमित रूप से ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। इस विशेष जांच अभियान में मुख्य टिकट निरीक्षक आशुतोष शाही, पी.के. शुक्ला, आकाश शर्मा एवं राजेंद्र चौधरी सहित टिकट जांच दल के अन्य कर्मचारी भी शामिल रहे। रेलवे की इस कार्रवाई से बेटिकट यात्रियों में हड़कंप मच गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma