कटिहार रेलमंडल में सघन टिकट चेकिंग अभियान, सैकड़ों बेटिकट यात्री धराए
कटिहार, 12 अप्रैल (हि.स.)। कटिहार रेल मंडल के डीआरएम किरेंद्र नरह के निर्देश और सीनियर डीसीएम अनूप कुमार सिंह के मार्गदर्शन में वाणिज्य विभाग द्वारा कटिहार रेलमंडल में बेटिकट यात्रियों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
रविवार को एसीएम कुमार जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में वाणिज्य टीम ने कटिहार-पूर्णिया सेक्शन में चलाए गए टिकट चेकिंग अभियान के दौरान आधा दर्जन ट्रेनों की जांच की। इस दौरान सैकड़ों बेटिकट यात्रियों को पकड़ा गया और उनसे जुर्माना वसूला गया।
सीनियर डीसीएम अनूप कुमार सिंह ने यात्रियों से अपील की कि बिना टिकट यात्रा कानूनी अपराध है, इसलिए उचित टिकट लेकर ही यात्रा करें और अपनी यात्रा सुखद बनाएं। उन्होंने कहा कि कटिहार रेलमंडल में यह सघन जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।
अभियान के दौरान सीटीआई रवि कुमार, पवन कुमार, सुमन कुमार, फूलों कुमार सहित दर्जनों वाणिज्य कर्मी मौजूद थे।
गौरतलब है कि बीते वर्ष कटिहार रेलमंडल ने टिकट चेकिंग से सर्वाधिक रेल राजस्व अर्जित कर ऐतिहासिक रिकॉर्ड कायम किया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

