नवादा में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से महिला सहित दों की मौत
नवादा, 29 मई (हि.स.)। जिले में शुक्रवार को आई तेज आंधी तथा वर्षा के दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आने से महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई ।चार लोग घायल भी बताये जा रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार जिले के वारिसलीगंज थाने के बेल्डा गांव में बज्रपात से 40 वर्षीय कौशल सिंह की मौत हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि कौशल सिंह खेत में काम कर रहे थे। तेज वर्षा के कारण पेड़ के पास आकर रुके थे।पेड़ पर हुए बज्रपात के कारण उनकी मौत हो गई। सिरदला में वज्रपात से 4 लोगों को घायल होने की भी बात कही जा रही है।
भीषण वर्षा के कारण पेड़ के निकट छुपे हुए लोग 4 लोग बज्रपात से घायल हुए।दूसरी घटना नवादा कौवाकोल प्रखंड क्षेत्र के कौआकोल पंचायत अंतर्गत बीझो गांव में शुक्रवार को वज्रपात की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई।
मृतका की पहचान बीझो गांव निवासी सुलेखा देवी (36 वर्ष), पति शिवदानी यादव के रूप में की गई है। बताया जाता है कि सुलेखा देवी गांव स्थित छठ घाट के पास अपने खेत में गोबर का मलवा फेंकने गई थीं। इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ वज्रपात हो गई।जिसकी चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी और मातम का माहौल कायम हो गया। स्वजनों ने बताया कि मृतका अपने पीछे तीन पुत्री एवं एक पुत्र छोड़ गई हैं। वहीं उनके पति शिवदानी यादव चंडीगढ़ में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

