थुमहा प्रीमियर लीग का आगाज, राघोपुर ने 7 विकेट से जीता उद्घाटन मुकाबला
सुपौल, 13 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के पिपरा प्रखंड के थुमहा पंचायत स्थित उच्च विद्यालय के खेल मैदान में मंगलवार को थुमहा प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ। पिपरा विधायक रामविलास कामत ने फीता काटकर टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। प्रतियोगिता के आगाज के साथ ही मैदान में मौजूद खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक रामविलास कामत ने कहा कि शरीर को स्वस्थ रखने के लिए खेलकूद बेहद जरूरी है। खेल से न केवल शारीरिक और मानसिक विकास होता है, बल्कि आपसी भाईचारा, सहयोग और एकता की भावना भी मजबूत होती है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ मैदान में उतरने और बेहतर प्रदर्शन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करता है। टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला विकास इलेवन किशनपुर और किंग्स जेम्स इलेवन राघोपुर के बीच खेला गया। 20 ओवर के इस मुकाबले में राघोपुर की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी विकास इलेवन किशनपुर की टीम 17.10 ओवर में 110 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी किंग्स जेम्स इलेवन राघोपुर की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए महज 9.1 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस तरह राघोपुर की टीम ने सात विकेट से उद्घाटन मुकाबला अपने नाम कर लिया। मैच में राघोपुर की ओर से मनीष ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। उन्होंने महज 18 गेंदों पर पांच छक्के और तीन चौकों की मदद से 45 रन बनाए। वहीं, राघोपुर के गेंदबाज दिलखुश कुमार ने चार ओवर की गेंदबाजी में पांच विकेट लेकर किशनपुर की टीम की कमर तोड़ दी। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
थुमहा प्रीमियर लीग के शुभारंभ के साथ ही स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिला। टूर्नामेंट को लेकर खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

