home page

दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, तीन युवक गंभीर रूप से घायल

 | 

भागलपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। जिले के सन्हौला थाना क्षेत्र अंतर्गत सन्हौला-घोघा मुख्य मार्ग पर सखुआ चौक के समीप शनिवार को दो तेज रफ्तार बाइकों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण सड़क हादसे में दोनों बाइकों पर सवार कुल तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक अपाची और एक हंटर बाइक विपरीत दिशाओं से आ रही थीं। सखुआ चौक के पास दोनों बाइकों का संतुलन बिगड़ गया और उनमें सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर जुट गए और घायलों को संभाला।

घायलों में सूरज कुमार (20) दिशारथ गांव का निवासी, मनीष कुमार (25) पिता लीलू कुमार, पथरगामा (जिला गोड्डा, झारखंड) और सुमित कुमार (22) पिता आलोक रंजन दत्ता, पथरगामा (जिला गोड्डा शामिल है। स्थानीय लोगों के सहयोग से तीनों घायलों को तत्काल सन्हौला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन तीनों की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सन्हौला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त बाइकों को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर