home page

सीवान जंक्शन पर तत्काल टिकटों की कालाबाजारी करने वाले तीन दलाल गिरफ्तार

 | 
सीवान जंक्शन पर तत्काल टिकटों की कालाबाजारी करने वाले तीन दलाल गिरफ्तार


सीवान, 26 जून (हि.स.)। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट सीवान और अपराध आसूचना शाखा (सीआईबी) छपरा की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को सीवान जंक्शन के आरक्षण हॉल में कार्रवाई करते हुए तत्काल टिकटों की कालाबाजारी करने वाले तीन कथित टिकट दलालों को गिरफ्तार किया।

वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, वाराणसी के निर्देश पर एसी तत्काल टिकट बुकिंग के दौरान यह कार्रवाई की गई। आरपीएफ इंस्पेक्टर सुभाष यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान शाह आलम, मोहम्मद अरमान और मुन्ना आलम के रूप में हुई है। इनके पास से तीन तत्काल आरक्षित एसी टिकट, सादा आरक्षण मांग पत्र, दो मोबाइल फोन तथा नकदी बरामद की गई है। बरामद तत्काल टिकटों की कीमत 25,100 रुपये है, जबकि जब्त सामग्री का कुल मूल्य 35,591 रुपये आंका गया है।

उन्होंने बताया कि जांच में यह सामने आया है कि आरोपित रेलवे आरक्षण काउंटर से तत्काल एवं सामान्य टिकट निकलवाकर जरूरतमंद यात्रियों को टिकट के निर्धारित मूल्य से 200 से 300 रुपये प्रति यात्री अधिक लेकर बेचते थे। यह कार्य रेलवे अधिनियम का उल्लंघन है।

आरपीएफ इंस्पेक्टर ने बताया कि इस मामले में रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट सीवान में रेल अधिनियम की धारा 143 के तहत मुकदमा संख्या 373/26 दर्ज कर लिया गया है। आरोपितों से पूछताछ की जा रही है तथा उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

सुभाष यादव ने कहा कि रेलवे टिकटों की कालाबाजारी रोकने के लिए आरपीएफ का विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे केवल अधिकृत रेलवे काउंटर अथवा अधिकृत ऑनलाइन माध्यमों से ही टिकट खरीदें और टिकट दलालों से दूरी बनाए रखें।

टिकटों की अवैध बिक्री की सूचना मिलने पर तत्काल आरपीएफ को सूचित करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma