home page

एक जुलाई से शुरू होने वाले नए डिग्री कालेजों में तीन प्राचार्यों ने दिया योगदान

 | 
एक जुलाई से शुरू होने वाले नए डिग्री कालेजों में तीन प्राचार्यों ने दिया योगदान


सारण, 05 जून (हि.स.)। बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी योजना सात निश्चय तीन के अंतर्गत उन्नत शिक्षा-उज्जवल भविष्य संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए सारण जिला प्रशासन ने निर्णायक पहल की है।

जिले के ऐसे 9 प्रखंडों तरैया, मकेर, एकमा, दरियापुर, मढ़ौरा, मशरक, लहलादपुर, पानापुर एवं इसुआपुर जहाँ अब तक एक भी डिग्री कॉलेज नहीं था, वहाँ आगामी 1 जुलाई 2026 से सरकारी भवनों में कॉलेजों का संचालन अनिवार्य रूप से शुरू हो जाएगा।

जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में इस कार्य को ससमय पूरा करने के निर्देश दिए गए। जयप्रकाश विश्वविद्यालय, छपरा द्वारा सभी 9 कॉलेजों के लिए प्राचार्यों को नामित कर दिया गया है, जिनमें से 3 नवनियुक्त प्राचार्यों ने अपना योगदान भी दे दिया है।

जिलाधिकारी ने कार्यपालक अभियंताओं को निर्देशित किया है कि 20 जून तक सभी भवनों की मरम्मत, विद्युतीकरण, पेयजल और शौचालयों की व्यवस्था पूर्ण करें। साथ ही, बेंच-डेस्क और आवश्यक फर्नीचर की आपूर्ति 25 जून तक हर हाल में सुनिश्चित की जाए। कॉलेजों में सुरक्षा के लिए होमगार्ड और साफ-सफाई के लिए विशेष कर्मियों की तैनाती होगी।

बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित शिक्षा एवं निर्माण विभाग के कई अधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार