home page

ट्रैक्टर पलटने से सवार तीन मजदूरों की मौत, एक दर्जन से अधिक घायल

 | 
ट्रैक्टर पलटने से सवार तीन मजदूरों की मौत, एक दर्जन से अधिक घायल


ट्रैक्टर पलटने से सवार तीन मजदूरों की मौत, एक दर्जन से अधिक घायल


अररिया 14 जुलाई(हि.स.)। जिले के भरगामा थाना क्षेत्र के सिरसिया हनुमानगंज वार्ड संख्या 14 में मंगलवार को अनियंत्रित ट्रैक्टर के पानी से भरे गड्ढे में पलटने से ट्रॉली पर सवार तीन मजदूरों की मौत हो गई। वहीं हादसे में एक दर्जन से अधिक मजदूर घायल हो गए। ट्रैक्टर का ब्रेक फेल हो जाने के कारण ट्रैक्टर के अनियंत्रित होने की बात कही जा रही है।

हादसे की जानकारी मिलने के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और राहत एवं बचाव का कार्य शुरू किया।

ट्रैक्टर पलटने से सवार सभी मजदूर ट्रैक्टर के नीचे दब गए थे,जिसे कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने बाहर निकाला। ग्रामीणों ने घायलों को इलाज के लिए भरगामा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

हादसे में मौके पर ही दो की मौत हो गई थी, जबकि तीसरे की मौत भरगामा पीएचसी में हुई। घायलों में गंभीर रूप से घायल छह मजदूरों को समुचित इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। जबकि कई लोगों का इलाज अररिया सदर अस्पताल और भरगामा पीएचसी में किया जा रहा है।

मृतकों में सिरसियाकला वार्ड संख्या चार निवासी बबलू मंडल की पत्नी मीरा देवी, कारी मंडल की पत्नी नैया देवी, किशोर मंडल की पत्नी रंजू देवी के रूप में पहचान की गई है। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर का ब्रेक फेल होने के कारण ट्रैक्टर पानी से भरे गड्ढे में पलट गया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि घटनास्थल पर ही दो की मौत हो गई थी, जबकि तीसरे की मौत भरगामा पीएचसी में इलाज के क्रम में हुई। ट्रैक्टर पर सभी ग्रामीण महिला मजदूर सवार थे, जो धान की रोपनी के लिए ट्रैक्टर से खेत जा रहे थे।

सूचना के बाद मौके पर फारबिसगंज एसडीपीओ राजकिशोर प्रसाद और भरगामा थानाध्यक्ष समेत पुलिस अधिकारी और बल मौके पर पहुंचकर मामले की तफ्तीश में जुट गए हैं।

एसडीपीओ ने तीन महिला मजदूरों के मौत होने और एक दर्जन से अधिक के घायल होने की पुष्टि की है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर