home page

बंद घर का ताला तोड़ नगदी और जेवर ले उड़े चोर

 | 
बंद घर का ताला तोड़ नगदी और जेवर ले उड़े चोर


भागलपुर, 05 सितंबर (हि.स.)। जिले के बाईपास थाना क्षेत्र में एक बार फिर बेखौफ चोर गिरोह के सक्रिय होने का मामला सामने आया है। चोरों ने बैजानी मकससपुर के ब्राह्मण टोला स्थित एक बंद घर को निशाना बनाते हुए दिनदहाड़े चोरी की बड़ी घटना को अंजाम दिया है।

इस वारदात के बाद से स्थानीय लोगों के बीच दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि पीड़ित गृहस्वामी राजन पांडेय (पिता कृत्यानंद पांडेय) पिछले करीब दो वर्षों से अपने पूरे परिवार के साथ कहलगांव में रह रहे हैं। उनका पैतृक घर बैजानी मकससपुर में बंद पड़ा था। शनिवार को उनके चचेरे भाई ने उन्हें फोन कर घर में चोरी होने की सूचना दी।

जानकारी मिलते ही राजन पांडेय तत्काल अपने पैतृक गांव पहुंचे। गृहस्वामी ने बताया कि जब वह घर पहुंचे तो कमरे का ताला टूटा हुआ था और अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने जब कमरे में रखे बक्से की जांच की, तो उसमें रखे नगदी और कीमती आभूषण गायब मिले।

आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने घर को सुनसान पाकर दिन के उजाले में ही इस वारदात को अंजाम दिया है। घटना के तुरंत बाद इसकी सूचना बाईपास थाने को दी गई। सूचना मिलते ही बाईपास थाने की गश्ती टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया।

पुलिस ने डॉग स्क्वायड या अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के लिए घर के आसपास भी गहन छानबीन की और सुराग जुटाने का प्रयास किया। मामले की पुष्टि करते हुए बाईपास थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि चोरी की इस घटना को लेकर पुलिस बेहद गंभीर है।

घटनास्थल की जांच कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए हैं। आसपास के इलाकों में भी संदिग्धों को लेकर जानकारी इकट्ठा की जा रही है। अज्ञात चोरों की पहचान के लिए पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है, जल्द ही गिरोह का पर्दाफाश कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर