home page

बंद घर का ताला तोड़ लाखों की चोरी, स्मैकियों पर आशंका

 | 
बंद घर का ताला तोड़ लाखों की चोरी, स्मैकियों पर आशंका


भागलपुर, 28 जुलाई (हि.स.)। जिले के मधुसुदनपुर थाना क्षेत्र के नया टोला दुधेला गांव में बीते रात चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सामान और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के समय गृह स्वामी सपरिवार घर से बाहर थे। वारदात के पीछे स्थानीय स्मैक (नशा) का सेवन करने वाले तत्वों का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है।

पीड़ित गृह स्वामी विद्यानंद सिन्हा ने बताया कि वे पिछले करीब एक महीने से अपने परिवार के साथ घर से बाहर रह रहे थे। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने मकान की खिड़की का दरवाजा तोड़ दिया और भीतर दाखिल हो गए। चोरों ने पूरे घर को खंगाल डाला। गृह स्वामी के अनुसार, चोर घर में रखा कीमती सामान समेट ले गए। चोरी गए सामानों में मुख्य रूप से एक इनडोर टीवी, पानी का मोटर, पीतल के घरेलू बर्तन, पूजा के उपयोग में आने वाले पीतल के बर्तन, चांदी के 5 प्राचीन सिक्के, घर में रखी नकदी शामिल है। चोरों ने न सिर्फ कीमती सामान चुराया, बल्कि आंगन में खड़ी मोटरसाइकिल को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। चोरों ने बाइक की बैटरी को भी औजारों की मदद से खोल लिया और अपने साथ ले गए। घटना की भनक लगते ही आसपास के ग्रामीणों ने इसकी सूचना मधुसुदनपुर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस बल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचा।

पुलिस ने मौके का मुआयना किया है और गृह स्वामी व पड़ोसियों से जानकारी इकट्ठा कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में स्मैक पीने वाले लड़कों का जमावड़ा रहता है, जो इस तरह की चोरियों को अंजाम देते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर