शाहपुर कालिका माता मंदिर में चोरी, जांच में जुटी पुलिस
भागलपुर, 13 जुलाई (हि.स.)। जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध शाहपुर कालिका माता मंदिर में अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है। चोरों ने मंदिर का ताला चटकाकर वहां स्थापित 11 किलो चांदी की ऐतिहासिक मां काली की प्रतिमा और कीमती आभूषण की चोरी कर ली।
इस चोरी की वारदात में चोरों ने 11 किलो की मूर्ति के साथ ही 5 किलो के दो मुकुट और 8 किलो के 11 पीस चांदी के झांप भी चुरा लिए।
चोरी की घटना का खुलासा तब हुआ जब रोजाना की मंदिर के मुख्य पुजारी सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे साफ-सफाई और पूजा के लिए पहुंचे, तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ पाया। जैसे ही पुजारी गर्भगृह के भीतर दाखिल हुए, वहां मां काली की मुख्य प्रतिमा गायब मिली।
उधर पुजारी की सूचना पर नाथनगर के प्रभारी थानाध्यक्ष मो नईम पुलिस टीम, डीआईयू, डॉग स्क्वायड और एफएसएल की फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस जांच के दौरान मंदिर परिसर और आसपास के मकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया, जिसमें एक संदिग्ध चोर की तस्वीर कैद मिली है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि रात 01:45 बजे एक चोर बालकनी के रास्ते अंदर घुसा और गर्भगृह का ताला तोड़कर आभूषण बोरे में भरकर ऑटो से भाग निकला।
घटना की जानकारी मिलते ही काफी संख्या में आक्रोशित श्रद्धालु और ग्रामीण मंदिर परिसर में जुटने लगे।
राघोपुर पंचायत के मुखिया धारो राय और ग्रामीण अशोक कुमार सिंह ने बताया कि यह मंदिर पूरे इलाके की अगाध आस्था का मुख्य केंद्र है। ग्रामीणों ने गुस्से में बताया कि ठीक दो साल पहले भी इसी मंदिर में ऐसी ही चोरी हुई थी, लेकिन पुलिस आज तक उन चोरों का पता नहीं लगा पाई है।
वहीं पुलिस ने बताया कि मंदिर में चोरी में जो भी अपराधी शामिल होंगे सभी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

