home page

उर्दू भाषा साझा धरोहर, इसकी देखरेख सभी देशवासियों की जिम्मेदारी : एडीएम

 | 
उर्दू भाषा साझा धरोहर, इसकी देखरेख सभी देशवासियों की जिम्मेदारी : एडीएम


किशनगंज, 26 नवंबर (हि.स.)। उर्दू केवल एक भाषा नहीं, बल्कि देश की साझा सांस्कृतिक विरासत है। इसकी मिठास, साहित्यिक परंपरा और तहजीब को संरक्षित करना सभी देशवासियों की जिम्मेदारी है। ये बातें गुरुवार को सम्राट अशोक भवन, किशनगंज में आयोजित उर्दू भाषण एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर एडीएम मोहम्मद उमैर ने कहीं। मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के उर्दू निदेशालय के तत्वावधान तथा जिला प्रशासन के सहयोग से जिला उर्दू भाषा कोषांग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन जिले के वरीय पदाधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।

जिलाधिकारी नवीन कुमार के निर्देशानुसार आयोजित प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने उर्दू पत्रकारिता, उर्दू उपन्यास, अफसाना (कहानी), उर्दू शायरी और शिक्षा के महत्व जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। छात्र-छात्राओं ने अपनी वक्तृत्व कला और तर्क क्षमता के माध्यम से उर्दू भाषा एवं साहित्य के विभिन्न पहलुओं को सामने रखा।

मुख्य अतिथि एडीएम मोहम्मद उमैर ने कहा कि उर्दू भाषा को देश और प्रदेश की साझा भाषा के रूप में लोकप्रिय बनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि उर्दू की मिठास और सांस्कृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना सामूहिक जिम्मेदारी है। वहीं, एडीएम (लोक शिकायत निवारण) मोहम्मद इरफान आलम ने उर्दू को आम और खास लोगों की भाषा के रूप में लोकप्रिय बनाने पर जोर दिया।

जिला उर्दू भाषा कोषांग के प्रभारी पदाधिकारी मोहम्मद जफर आलम ने प्रतिभागियों को उर्दू भाषा के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने माध्यमिक, इंटरमीडिएट और स्नातक स्तर के प्रतिभागियों को शुभकामनाएं भी दीं।

प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. कसीम अख्तर (मारवाड़ी कॉलेज), डॉ. मोहम्मद मुकीम मंजूर (नेहरू कॉलेज, बहादुरगंज) और डॉ. रुम्माना जमील (महिला कॉलेज, किशनगंज) शामिल थे।

कार्यक्रम में एडीएम मोहम्मद उमैर, जिला पंचायती राज पदाधिकारी मोहम्मद जफर आलम, एडीएम गिरजेश कुमार, एडीएम मोहम्मद इरफान आलम, जिला योजना पदाधिकारी कुंदन कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं उर्दू कर्मी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह