home page

स्मैक के साथ पति-पत्नी समेत तीन तस्कर गिरफ्तार

 | 
स्मैक के साथ पति-पत्नी समेत तीन तस्कर गिरफ्तार


सहरसा, 25 सितंबर (हि.स.)। कोसी रेंज के डीआइजी डा. कुमार आशीष के नेतृत्व में चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत बख्तियापुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्मैक जैसे पदार्थ के साथ पति-पत्नी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने शर्मा चौक स्थित एक आवासीय परिसर के ऊपरी तल के कमरे से 306 ग्राम स्मैक जैसा पदार्थ बरामद किया है। इसके अलावा कमरे से दो लाख 11 हजार 580 रुपये नकद, अलग-अलग बैंकों की तीन पासबुक, चेकबुक, पैन कार्ड और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।

शुक्रवार को बख्तियापुर थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ निशिकांत भारती ने बताया कि गुरुवार को थानाध्यक्ष जयशंकर कुमार को सूचना मिली थी कि शर्मा चौक के समीप राजेन्द्र भगत के मकान में किराये पर रह रहे एक दंपती द्वारा स्मैक की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद इसकी जानकारी वरीय पदाधिकारियों को दी गई। इसके बाद थानाध्यक्ष के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की गई।

पुलिस टीम में थानाध्यक्ष जयशंकर कुमार के अलावा पीएसआई प्रभाष कुमार, दारोगा जितेंद्र कुमार, शोएब अख्तर, अंजली कुमारी तथा डीआइयू की टीम को शामिल किया गया। टीम शर्मा चौक स्थित राजेन्द्र भगत के आवासीय परिसर के ऊपरी तल पर पहुंची। वहां एक कमरे में पति-पत्नी मौजूद मिले।

पुलिस ने पूछताछ कर उनकी पहचान थाना क्षेत्र के भौरा गांव के नया टोला वार्ड संख्या एक निवासी दशरथ यादव के पुत्र पूजो यादव और उसकी पत्नी नीता कुमारी के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने कमरे की विधिवत तलाशी ली।

तलाशी के दौरान 306 ग्राम स्मैक जैसा पदार्थ बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से दो लाख 11 हजार 580 रुपये नकद, तीन बैंक पासबुक, चेकबुक, पैन कार्ड और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए।

एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस ने गिरफ्तार पति-पत्नी से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उन्होंने पुलिस को बताया कि बरामद स्मैक बैजनाथपुर थाना क्षेत्र के गम्हरिया निवासी स्व. नाथो यादव के पुत्र अमित कुमार द्वारा बिक्री के लिए उपलब्ध कराया गया था। इसके बाद पुलिस टीम ने अमित कुमार की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की और उसे भी गिरफ्तार कर लिया।

एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार अमित कुमार के विरुद्ध महिषी थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। पुलिस अब तीनों आरोपितों से पूछताछ के आधार पर स्मैक की आपूर्ति और बिक्री से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपितों को शुक्रवार को सहरसा न्यायालय भेज दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार