home page

लोक अदालत की टीम ने शहर के नाला निर्माण की जांच की

 | 
लोक अदालत की टीम ने शहर के नाला निर्माण की जांच की


सहरसा, 14 जुलाई (हि.स.)।

व्यवहार न्यायालय की लोक अदालत में लंबित एक मामले की सुनवाई के क्रम में गठित तीन सदस्यीय अधिवक्ताओं की जांच टीम ने मंगलवार की शाम अनुराग गली से झांसी चौक तक नाला निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया।

यह जांच पीएलए वाद संख्या 4/26 के तहत लोक अदालत के मजिस्ट्रेट महेश कुमार के निर्देश पर कराई जा रही है। टीम को 16 जुलाई तक अपनी जांच रिपोर्ट न्यायालय में सौंपनी है।

जांच दल में अधिवक्ता ई कौशल यादव, अधिवक्ता मनोज कुमार वर्मा एवं अधिवक्ता रवि भूषण शामिल थे।

टीम ने पूरे क्षेत्र का निरीक्षण कर नाला निर्माण, सफाई व्यवस्था तथा सुरक्षा संबंधी पहलुओं का जायजा लिया।

अधिवक्ता इंजीनियर कौशल यादव ने बताया कि सहरसा नगर निगम द्वारा डीबी रोड स्थित अनुराग गली से झांसी चौक तक पुन: नए सिरे से रोड बनाने की आवश्यकता और रोड की ऊंचाई घर की ऊंचाई से ज्यादा ना हो।

इस मामले में गांधी पथ निवासी कलेन्द्र प्रताप सिंह ने लोक अदालत में आवेदन देकर आरोप लगाया था कि नगर निगम द्वारा नाले की केवल आंशिक सफाई कराई गई है, जबकि अधिकांश हिस्सों में अब भी गाद और कचरा जमा है।साथ ही नाला का ढक्कन नहीं लगा है। जिससे राहगीरों को सड़क दुर्घटना में जख्मी होना पड़ता है।

उन्होंने मामले में जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करते हुए पीएलए वाद दायर किया था। आवेदन पर संज्ञान लेते हुए लोक अदालत के मजिस्ट्रेट महेश कुमार ने तथ्यों की जांच के लिए तीन सदस्यीय अधिवक्ताओं की टीम गठित कर स्थल निरीक्षण का निर्देश दिया था।

इसी क्रम में मंगलवार को टीम ने मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति का अवलोकन किया। जांच के दौरान अधिवक्ता मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि नाले का निर्माण तो करा दिया गया है, लेकिन कई स्थानों पर नाले के ऊपर लगाए गए ढक्कन सही तरीके से नहीं रखे गए हैं। इससे राहगीरों एवं वाहन चालकों के लिए दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। इसके अलावा नाले के आसपास कई जगह गंदगी और कचरे का अंबार भी देखा गया, जिससे स्पष्ट होता है कि नियमित सफाई नहीं हो रही है।

जांच टीम ने निरीक्षण के दौरान विभिन्न बिंदुओं का दस्तावेजीकरण किया। अब टीम अपनी विस्तृत जांच रिपोर्ट तैयार कर 16 जुलाई तक लोक अदालत में प्रस्तुत करेगी, जिसके आधार पर आगे की न्यायिक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार