home page

एक और जहाज बंद होने से बियाडा घाट पर गहराया संकट, शादी के सीजन में उमड़ी भारी भीड़; टिकट और चढ़ने को लेकर झड़प

 | 
एक और जहाज बंद होने से बियाडा घाट पर गहराया संकट, शादी के सीजन में उमड़ी भारी भीड़; टिकट और चढ़ने को लेकर झड़प


भागलपुर, 29 नवंबर (हि.स.)। विक्रमशिला सेतु के बंद होने के बाद भागलपुर और नवगछिया के बीच आवागमन का मुख्य सहारा बने बरारी स्थित बियाडा जहाज घाट पर यात्रियों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। शादी-विवाह के लगन और सप्ताहांत की छुट्टियों के कारण घाट पर यात्रियों का भारी दबाव बढ़ गया है। इसी बीच, भागलपुर-नवगछिया जलमार्ग पर संचालित एक और बड़े जहाज का परिचालन बंद होने से स्थिति और विकट हो गई है। जहाजों की संख्या घटने के कारण घाट पर घंटों इंतजार और जहाज पर पहले चढ़ने की आपाधापी मची हुई है, जिसके चलते शनिवार को एक बाइक सवार यात्री और घाट कर्मी के बीच तीखी झड़प भी हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शनिवार को बियाडा घाट से नवगछिया जाने के लिए यात्रियों की भारी भीड़ जुटी थी। जहाज पर जल्द चढ़ने की आपाधापी के बीच संतोष नामक एक बाइक सवार युवक बिना टिकट लिए ही घाट पर पहुंच गया। उसने वहां तैनात कर्मी से आग्रह किया कि वह सीधे टिकट का पैसा देने को तैयार है। इसी अफरातफरी के दौरान किसी कारणवश घाट कर्मी का हाथ दब गया, जिससे वह भड़क गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज और धक्का-मुक्की शुरू हो गई और मामला मारपीट तक जा पहुंचा। स्थिति बिगड़ता देख घाट पर मौजूद अधिकारियों और सुरक्षा बलों ने तुरंत हस्तक्षेप कर दोनों को शांत कराया, जिसके बाद युवक को जहाज से पार भेजा जा सका।

जानकारी के मुताबिक, टेंडर समाप्त होने के कारण बियाडा घाट से चलने वाले एक और बड़े जहाज को परिचालन से हटा लिया गया है। पहले से ही सीमित संख्या में जहाज चलने के कारण यात्रियों को परेशानी हो रही थी, अब एक जहाज कम होने से शेष जहाजों पर दबाव काफी बढ़ गया है। दूसरी ओर, गंगा का जलस्तर लगातार घटने के कारण भी बड़े जहाजों के परिचालन में तकनीकी दिक्कतें आ रही हैं, जिससे बीच धारा में जहाज फंसने का खतरा बना रहता है। शादी के सीजन में बारातियों और आम यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए घाट प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है।

भीड़भाड़ और आपाधापी को देखते हुए गंभीर मरीजों और गर्भवती महिलाओं की आवाजाही के दौरान विशेष सावधानी बरती जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी को टाला जा सके। स्थानीय लोगों और दैनिक यात्रियों ने जिला प्रशासन से जल्द से जल्द अतिरिक्त जहाजों की व्यवस्था करने और घाट पर टिकट काउंटर व कतार व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर