home page

महाकाल मंदिर में विधि-विधान से हुई भगवान चित्रगुप्त की वार्षिक पूजा-अर्चना

 | 
महाकाल मंदिर में विधि-विधान से हुई भगवान चित्रगुप्त की वार्षिक पूजा-अर्चना


किशनगंज, 11 नवंबर (हि.स.)। शहर के रुईधाशा स्थित महाकाल मंदिर में भगवान चित्रगुप्त की वार्षिक पूजा-अर्चना पारंपरिक श्रद्धा, भक्ति और पूरे विधि-विधान के साथ संपन्न हुई। इस अवसर पर सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। भक्तों की भारी मौजूदगी से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय और आध्यात्मिक वातावरण में सराबोर रहा।

पूजा के दौरान भगवान चित्रगुप्त के समक्ष कलम, दवात और बही-खातों की विशेष पूजा की गई। मान्यता के अनुसार भगवान चित्रगुप्त समस्त प्राणियों के कर्मों का लेखा-जोखा रखते हैं। इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए श्रद्धालुओं ने लेखनी और दवात को भगवान के चरणों में अर्पित कर विधिवत पूजन किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने विद्या, बुद्धि, व्यापार में उन्नति तथा परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। महाकाल मंदिर के पुरोहित गुरु साकेत ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा के सभी धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए। मंत्रोच्चार, शंखध्वनि और घंटियों की गूंज से पूरा मंदिर परिसर गुंजायमान रहा। पूजा के उपरांत दोपहर में भगवान चित्रगुप्त की भव्य महाआरती आयोजित की गई, जिसमें स्थानीय नागरिकों, महिलाओं और गणमान्य लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं की भागीदारी ने आपसी सौहार्द और पारंपरिक आस्था का संदेश दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह