home page

इमरान प्रतापगढ़ी की पहल पर ठाकुरगंज में खुलेगा कॉलेज व स्पोर्ट्स अकादमी

 | 
इमरान प्रतापगढ़ी की पहल पर ठाकुरगंज में खुलेगा कॉलेज व स्पोर्ट्स अकादमी


अररिया 22 जुलाई(हि.स.)।

सीमांचल के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने ठाकुरगंज में कॉलेज एवं स्पोर्ट्स अकादमी स्थापित करने की महत्वपूर्ण पहल की है। जानकारी कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के जिलाध्यक्ष सैफ अली खान ने दी।उन्होंने बताया कि शिक्षा और खेल के क्षेत्र में यह कदम सीमांचल के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि साबित होगी।

सैफ अली खान ने कहा कि वर्षों से सीमांचल के छात्र बेहतर शैक्षणिक संस्थानों और खेल सुविधाओं के अभाव में पलायन करने को मजबूर रहे हैं। ऐसे समय में इमरान प्रतापगढ़ी की यह पहल हजारों युवाओं के सपनों को नई उड़ान देगी। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के लिए भूमि उपलब्ध करा दी गई है और आवश्यक कानूनी एवं प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने हमेशा सीमांचल में शिक्षा को मजबूत करने की आवाज बुलंद की है। एएमयू किशनगंज सेंटर सहित कई महत्वपूर्ण शैक्षणिक मुद्दों को उन्होंने संसद में उठाया और अब कॉलेज एवं स्पोर्ट्स अकादमी की स्थापना का प्रयास इस क्षेत्र के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

सैफ ने विश्वास जताया कि इमरान प्रतापगढ़ी की यह पहल सीमांचल के विकास की नई इबारत लिखेगी और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी। उन्होंने कहा कि तालीम से तरक्की, सीमांचल की प्रगति केवल एक नारा नहीं, बल्कि सीमांचल के भविष्य का संकल्प है। जिला अध्यक्ष ने कहा कि संसद सत्र खत्म होने के बाद सीमांचल के सभी जिलों में छात्रों से मिलेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर