home page

ठाढ़ा भवानीपुर के जितिया मेले में महिला पहलवानों ने दिखाया दमखम

 | 
ठाढ़ा भवानीपुर के जितिया मेले में महिला पहलवानों ने दिखाया दमखम


ठाढ़ा भवानीपुर के जितिया मेले में महिला पहलवानों ने दिखाया दमखम


सुपौल, 03 अक्टूबर (हि.स.)। छातापुर प्रखंड क्षेत्र की बलुआ पंचायत अंतर्गत ठाढ़ा भवानीपुर वार्ड संख्या-11 में जितिया पूजा के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय जितिया मेला इन दिनों श्रद्धालुओं और खेलप्रेमियों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। मेले में आयोजित दंगल प्रतियोगिता में पहलवानों ने अपने कुश्ती कौशल और दमखम का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। खासकर महिला पहलवानों की कुश्ती ने लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।

शनिवार को मेले का विधिवत उद्घाटन पंचायत के मुखिया रामजी मंडल एवं सरपंच रामदास ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। उद्घाटन के बाद जनप्रतिनिधियों ने दंगल मैदान में पहुंचकर पहलवानों से हाथ मिलाया और उनका उत्साहवर्धन किया। इसके बाद अखाड़े में विभिन्न पहलवानों के बीच मुकाबले शुरू हुए। पहलवानों ने दांव-पेंच और कुश्ती के विभिन्न कौशल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को रोमांचित किया।

दंगल प्रतियोगिता में समस्तीपुर की रिया पहलवान और हरियाणा की सरिता पहलवान के बीच हुआ मुकाबला विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। दोनों महिला पहलवानों ने अखाड़े में एक-दूसरे को कड़ी चुनौती दी। मुकाबले के दौरान दोनों ने कई शानदार दांव-पेंच आजमाए। उनके दमदार प्रदर्शन को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा और खेलप्रेमी अखाड़े के आसपास जुटे रहे। मुकाबले के दौरान पहलवानों के शानदार प्रदर्शन पर दर्शक लगातार तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाते नजर आए। मेले में दंगल के साथ मनोरंजन के भी कई साधनों की व्यवस्था की गई है।

मेला कमेटी के सदस्यों ने बताया कि ग्रामीणों के मनोरंजन के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया है। जितिया पूजा के अवसर पर आयोजित इस मेले को लेकर आसपास के गांवों में भी उत्साह का माहौल है। दंगल प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के कारण देर शाम तक मेला परिसर में लोगों की भीड़ जुट रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र