home page

सिसवन के दोहरे हत्याकांड का खुलासा, तीन गिरफ्तार; मास्टरमाइंड फरार

 | 
सिसवन के दोहरे हत्याकांड का खुलासा, तीन गिरफ्तार; मास्टरमाइंड फरार


सिसवन के दोहरे हत्याकांड का खुलासा, तीन गिरफ्तार; मास्टरमाइंड फरार


सीवान, 15 जून (हि.स.)। सिसवन थाना क्षेत्र में एक सप्ताह के भीतर हुई दो सनसनीखेज हत्याओं का पुलिस ने खुलासा कर दिया है।

पुलिस अधीक्षक पुरन कुमार झा ने बताया कि दोनों हत्याएं क्षेत्र में भय और अशांति का माहौल पैदा करने तथा मुख्य आरोपी प्रकाश राम का दबदबा कायम करने के उद्देश्य से कराई गई थीं। मामले में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मुख्य साजिशकर्ता प्रकाश राम की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

एसपी ने बताया कि 2 जून और 5 जून 2026 को सिसवन थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग लोगों की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। दोनों मृतक अपने घर के बाहर सो रहे थे। घटनाओं की जांच में यह बात सामने आई कि दोनों घर मोहल्ले के अंतिम छोर पर स्थित थे और मुख्य सड़क से लगभग 100 मीटर दूर सुनसान जगह पर थे। दोनों हत्याओं के तरीके और परिस्थितियों में कई समानताएं पाई गईं, जिसके आधार पर पुलिस ने मामले को जोड़कर जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1 के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मृत्युंजय राम, ब्रजेश राम और अभिषेक राम को गिरफ्तार किया। पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे प्रकाश राम के निर्देश पर वारदातों को अंजाम दे रहे थे।

एसपी पुरन कुमार झा के अनुसार, पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ है कि मृत्युंजय राम हत्या में मुख्य भूमिका निभाता था। वह धारदार हथियार से पीड़ितों की गर्दन पर वार करता था, जबकि उसके साथी अभिषेक राम और ब्रजेश राम पीड़ितों के हाथ-पैर दबाकर हत्या में सहयोग करते थे।

जांच के दौरान यह भी पता चला कि अपराधियों ने 7 जून को एक और हत्या की योजना बनाई थी। हालांकि सिसवन पुलिस और एसआईटी की लगातार निगरानी एवं कार्रवाई के कारण इस संभावित वारदात को समय रहते विफल कर दिया गया। पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से भविष्य में होने वाली अन्य गंभीर घटनाओं को भी रोका गया है।

एसपी ने कहा कि अभी भी मामले का अनुसंधान जारी है। मुख्य आरोपी प्रकाश राम की गिरफ्तारी शेष है और उसके पकड़े जाने के बाद साजिश के अन्य पहलुओं का भी खुलासा होने की संभावना है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से एक मोबाइल फोन, एक कीपैड मोबाइल, हत्या में प्रयुक्त चाकू, धारदार दाब तथा खून लगे कपड़े बरामद किए हैं। मामले के सफल उद्भेदन पर थानाध्यक्ष सिसवन और उनकी टीम को पुरस्कृत करने की अनुशंसा की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma