नप में निविदा प्रक्रिया विवादों में,अररिया और जोगबनी नगर परिषद में दस तो फारबिसगंज नगर परिषद में पांच संवेदकों का चयन
अररिया 04 जुलाई(हि.स.)।
फारबिसगंज नगर परिषद इनदिनों नित्य नये विवादों व अपने कारगुजारियों से सुर्खियां बटोर रहा है।ताजा मामला निविदा प्रक्रिया का है जो विवादों में घिर गया है।अररिया और जोगबनी नगर परिषद में दस संवेदकों की चयन हेतु सूचीवद्ध करने के लिये विज्ञापन निकाला गया।जबकि फारबिसगंज नगर परिषद में पांच ही संवेदकों की चयन हेतु सूचीबद्ध करने के लिए विज्ञापन निकाला गया।जिसमें स्थानीय नगर परिषद द्वारा एक लाख रुपये तक की विभागीय योजनाओं के तहत 25 वार्डों में कार्य करना है।
जारी निविदा प्रक्रिया विवादों में घिर गई है। स्थानीय संवेदकों एवं कई जनप्रतिनिधियों ने निविदा प्रक्रिया पर सवाल उठाया है। आरोप है कि ऐसी निविदाओं में 21 से 30 दिनों का समय दिया जाता है, जबकि नगर परिषद ने मात्र 10 दिनों की अवधि निर्धारित कर निविदा प्रकाशित की। वार्ड पार्षद इरशाद सिद्दीकी ने आरोप लगाया कि पूरी प्रक्रिया कुछ खास लोगों को लाभ पहुंचाने की मंशा से अपनाई गई। इस मामले को लेकर नगर परिषद के कई वार्ड पार्षदों में उमाशंकर यादव उर्फ बुलबुल, रेखा देवी, सुशील कुमार, चांदनी सिंह, तनु प्रिया, शिल्पा भारती तथा इरशाद सिद्दीकी,नोमान अंसारी सहित अन्य ने कार्यपालक पदाधिकारी को आवेदन सौंपा है।जिसमें इस निविदा को रद्द कर नये सिरे से निविदा को प्रकाशन की प्रक्रिया को पूरी करने की मांग।
नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी रणधीर लाल ने सभी आरोपों निराधार बताते हुए पूरी निविदा प्रक्रिया विभागीय निर्देशों के अनुरूप बताते हुए कहा की किसी प्रकार की अनियमितता नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि पांच संवेदकों का चयन किया जाना था, लेकिन चार ही चयनित हो सके हैं। एक स्थान अभी भी रिक्त है, जिसके लिए शीघ्र ही पुनः निविदा जारी की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

