दस मिनट की बारिश ने खोली छपरा नगर निगम की पोल
सारण, 29 मई (हि.स.)। बीते कई दिनों से जारी प्रचंड गर्मी और उमस के कारण छपरा शहर सहित पूरे जिले का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त था।
सुबह जब जिले वासियों की आंखें खुलीं, तो आसमान में छाए बादलों और ठंडी हवाओं ने मौसम को सुहाना बना दिया। झुलसाने वाली गर्मी से राहत मिलते ही लोगों ने चैन की सांस तो ली, लेकिन यह खुशी ज्यादा देर नहीं टिक सकी। मौसम के बदलते ही शहरवासियों के सामने एक नई और परेशानी मुंह खोले खड़ी हो गई।
महज 10 मिनट की हल्की बारिश ने छपरा नगर निगम के करोड़ों रुपये के विकास कार्यों और जलजमाव से मुक्ति के बड़े-बड़े दावों की हवा निकाल दी। बारिश रुकते ही शहर के मुख्य मार्गों से लेकर रिहायशी इलाकों की गलियां जलमग्न हो गईं। नालियों का गंदा पानी सड़कों पर तैरने लगा, जिससे राहगीरों और स्थानीय दुकानदारों को भारी फजीहत का सामना करना पड़ा।
जल निकासी की लचर व्यवस्था ने साफ कर दिया है कि मॉनसून से पहले की तैयारियों के नाम पर केवल खानापूर्ति की गई थी। स्थानीय दुकानदार दिग्विजय सिंह का कहना है कि हर साल टैक्स देने के बावजूद उन्हें नारकीय स्थिति का सामना करना पड़ता है। करोड़ों के बजट वाले नगर निगम की पोल खोलने के लिए इस बार महज 10 मिनट की छिटपुट बारिश ही काफी रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

