सारण में गर्मी से पहले खराब चापाकलों की मरम्मत के लिए दल रवाना
सारण, 09 मार्च (हि.स.)। आगामी गर्मी के मौसम में जिलावासियों को पेयजल के लिए भटकना न पड़े, इसके लिए सारण जिला प्रशासन ने कमर कस ली है।
जिलाधिकारी विनीत श्रीवास्तव ने हरी झंडी दिखाकर विशेष चापाकल मरम्मति दल को रवाना किया। यह दल जिले के सभी प्रखंडों में खराब पड़े सरकारी चापाकलों को दुरुस्त करने का काम करेगा। लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग द्वारा गठित यह दल पंचायतवार भ्रमण करेगा।
जिला प्रशासन ने इस वर्ष कुल 3,116 चापाकलों की मरम्मत का लक्ष्य रखा है। जिले में विभिन्न मदों से कुल 32,492 चापाकल स्थापित हैं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि मई माह तक जिले के सभी बंद पड़े सार्वजनिक चापाकलों को हर हाल में चालू कर दिया जाए ताकि भीषण गर्मी में जल संकट की स्थिति उत्पन्न न हो। ग्रामीणों की सुविधा के लिए जिला स्तर पर एक कंट्रोल रूम का गठन किया गया है। यदि आपके क्षेत्र में कोई सरकारी चापाकल खराब है, तो आप हेल्पलाइन नंबर 06152-244791 पर सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक कार्यालय अवधि में अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
पीएचइडी के सहायक एवं कनीय अभियंताओं को निर्देशित किया गया है कि वे स्थानीय सांसद, विधायक, पार्षद, प्रखंड विकास पदाधिकारी और मुखिया जैसे जनप्रतिनिधियों से संपर्क कर अकार्यरत चापाकलों की सूची प्राप्त करें। इस समन्वय का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी इलाका पेयजल सुविधा से वंचित न रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

