home page

अभिभावक शिक्षक संगोष्ठी में छात्रों को किया गया पुरस्कृत

 | 
अभिभावक शिक्षक संगोष्ठी में छात्रों को किया गया पुरस्कृत


अररिया 30 मार्च(हि.स.)। फारबिसगंज के प्राथमिक विद्यालय आदिवासी टोला मधुरा में सोमवार को अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन किया गया।जिसमें अभिभावकों के सामने अपने अपने कक्षा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान लाने वाले छात्र छात्राओं को पुरस्कृत किया गया।

प्रवेश से प्रगति तक, विद्यालय और अभिभावक साथ थीम पर आधारित यह आयोजन विद्यालय और अभिभावकों के बीच विश्वास, सहयोग और साझा जिम्मेदारी का सशक्त एवं प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आया।कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत गीत के साथ हुआ, जहां विद्यालय परिवार ने सभी अभिभावकों का हार्दिक अभिनंदन करते हुए उन्हें बच्चों के सर्वांगीण विकास में सक्रिय भागीदार बनने का आह्वान किया। संगोष्ठी का मूल उद्देश्य शिक्षा की गुणवत्ता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए अभिभावकों की प्रभावी और निरंतर सहभागिता सुनिश्चित करना रहा।

इस अवसर पर शिक्षकों ने वार्षिक मूल्यांकन परिणामों को अत्यंत सरल, स्पष्ट एवं पारदर्शी तरीके से प्रस्तुत किया। बच्चों की उपलब्धियों की सराहना के साथ-साथ उनके सुधार के क्षेत्रों पर भी रचनात्मक एवं सकारात्मक चर्चा की गई।

संगोष्ठी में शत-प्रतिशत नामांकन एवं नियमित उपस्थिति को शिक्षा की आधारशिला बताते हुए विशेष बल दिया गया। अभिभावकों से आग्रह किया गया कि वे अपने बच्चों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उन्हें प्रतिदिन विद्यालय भेजने में अपनी जिम्मेदारी का पूर्ण निर्वहन करें।

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य, पोषण एवं स्वच्छता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। शिक्षकों ने अभिभावकों को जागरूक करते हुए बताया कि एक स्वस्थ शरीर में ही एक सशक्त एवं सक्रिय मस्तिष्क का विकास संभव है, जो बच्चों की सफलता की पहली और सबसे महत्वपूर्ण सीढ़ी है।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधान

शिक्षक मिथिलेश कुमार सिंह द्वारा प्रत्येक वर्ग में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही सभी शिक्षकों ने अपने-अपने वर्ग के विद्यार्थियों को प्रगति पत्र वितरित किया।

विद्यालय के पूर्व प्रधानाध्यापक कुमार राजीव रंजन ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति, अनुशासन एवं अध्ययन के प्रति निरंतर सहयोग की अपील की। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि अभिभावकों की जागरूकता, सहभागिता और मार्गदर्शन ही बच्चों की सफलता की असली कुंजी है।

संगोष्ठी के दौरान विद्यालय के शिक्षक रंजीत कुमार मंडल व संजीत कुमार निगम ने भी अपने विचार प्रस्तुत किए।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर