home page

टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत 'माय भारत' का 6 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू, 50 युवा बने जागरूकता दूत

 | 
टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत 'माय भारत' का 6 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू, 50 युवा बने जागरूकता दूत


कटिहार, 19 अगस्त (हि.स.)। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को जिला यक्ष्मा केंद्र, सदर अस्पताल परिसर में छह दिवसीय अनुभवात्मक अधिगम कार्यक्रम की शुरुआत हुई। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय तथा 'मेरा युवा भारत' (माय भारत) के संयुक्त तत्वावधान में 19 से 24 अगस्त तक चलने वाले इस शिविर का मुख्य उद्देश्य जिले के चयनित युवा स्वयंसेवकों को टीबी उन्मूलन की मुहिम से जोड़कर समुदाय में व्यापक जागरूकता फैलाना है।

इस पहल के तहत कटिहार जिले के पांच प्रखंडों से कुल 50 युवा स्वयंसेवकों को चुना गया है। इनमें से प्रत्येक चयनित गांव के दो-दो यानी कुल 10 युवाओं को जिला यक्ष्मा केंद्र पर छह दिवसीय व्यावहारिक और गहन प्रशिक्षण दिया जा रहा है। वहीं, शेष 40 स्वयंसेवक अपने-अपने क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में आयोजित ‘टीबी को जानें’ सत्र में शामिल होकर टीबी के लक्षण, जांच, नियमित उपचार, पोषण और भ्रांतियों को दूर करने की जानकारी हासिल करेंगे। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद ये सभी 50 स्वयंसेवक अपने-अपने गांवों में लोगों को समय पर जांच व उपचार के लिए प्रेरित करेंगे।

परियोजना के अंतर्गत बरारी प्रखंड के कवार (मुशहरी टोला), बारसोई के कोटा करीमगंज, मनिहारी के दिलारपुर, कोढ़ा के खेरिया (वार्ड 5 व 6) और समेली प्रखंड के खैरा गांव का चयन किया गया है। उल्लेखनीय है कि देश से टीबी उन्मूलन के लिए यह पायलट प्रोजेक्ट देश भर के 50 से अधिक जिलों में संचालित किया जा रहा है, जिसमें बिहार से कटिहार, सीवान, पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, गोपालगंज और समस्तीपुर जिले शामिल हैं।

कार्यक्रम के दौरान जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. अशरफ रिजवी, डीपीएम शौनिक प्रकाश, लेखा एवं कार्यक्रम पर्यवेक्षक राजीव नंदन कुमार, वरीय यक्ष्मा पर्यवेक्षक अनुराधा सिन्हा, डब्ल्यूएचपी कमलेश कुमार साहू, कार्यालय सहायक बिक्रम कुमार मंडल सहित माय भारत के स्वयंसेवक शिवम कुमार, कुणाल कुमार, पूजा कुमारी और आशुतोष कुमार उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह